मुंबई : बीते लगभग तीन महीनों में मालाड और बोरीवली में लोकल ट्रेन में सफर के दौरान हुई तकरार की दो अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है, इसी बीच अब महिम रेलवे स्टेशन के पास मामूली तकरार के बाद हुई चाकूबाजी में एक युवक के बुरी तरह से घायल होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। (Youth injured in stabbing near Mahim station)
मिली जानकारी के अनुसार,सड़क पर चलने के दौरान धक्का लगने से शुरू हुई तकरार चाकूबाजी तक पहुंच गई। इस झगड़े में एक अज्ञात व्यक्ति ने 35 वर्षीय व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मोबाइल गिरने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे नवीन प्रसन्ना, जो लोअर परेल स्थित एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम करते हैं, महिम स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद सेनापति बापट मार्ग से पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी एक राहगीर से अनजाने में टक्कर हो गई, जिससे उस व्यक्ति का मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया। (Mahim stabbing case : Fight over falling mobile)
फोन क्षतिग्रस्त होने पर किया चाकू से हमला
बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन हाल ही में मरम्मत करवाया गया था और गिरने से उसे नुकसान पहुंचा। इससे गुस्साए व्यक्ति ने नवीन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने चाकू निकालकर नवीन पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बचाने आए लोगों को भी दी धमकी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब आसपास मौजूद लोगों ने नवीन को बचाने की कोशिश की, तब आरोपी ने चाकू लहराकर उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही तलाश
घायल नवीन को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। महिम पुलिस ने उनका बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बढ़ती हिंसा से मुंबईकरों में चिंता
हाल के महीनों में लोकल ट्रेन और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी ने मुंबईकरों की चिंता बढ़ा दी है। फरवरी में लोकल ट्रेन में एक प्राध्यापक की हत्या और हाल ही में मयंक लोहार की मौत जैसी घटनाओं के बाद महिम की यह वारदात भी शहर में कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

