मुंबई: मुंबई की साकीनाका पुलिस ने बुजुर्ग नागरिकों को अपनी बातों के जाल में फंसाकर लूटने वाली एक बेहद शातिर और आदतन अपराधियों की टोली का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर मुंबई और नवी मुंबई के कुल 13 आपराधिक मामलों को सुलझाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के पास से पुलिस ने करीब 15,46,250 रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह गिरोह बुजुर्ग नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाकर उन्हें साड़ी वितरण, राशन वितरण या “सेठ के घर बेटा हुआ है” जैसे बहाने देकर उनके सोने के गहने और नकदी ठग लेता था।
24 मार्च 2026 को दोपहर एक से दो बजे के बीच साकीनाका के मोहिली विलेज, साईबाबा मंदिर के पास एक बुजुर्ग महिला घर लौट रही थीं, तभी तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने कहा कि पास में गरीब महिलाओं को मुफ्त साड़ी बांटी जा रही है और उन्हें भी साड़ी मिल सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें “गरीब दिखना होगा।” इसीलिए उन्होंने महिला को गले की सोने की चेन और अंगूठी थैले में रखने के लिए मना लिया और इसी चालाकी से 2 लाख 5 हजार रुपये मूल्य के गहने और नकदी हाथिया ली। पीड़ित महिला की शिकायत पर साकीनाका पुलिस थाने में गुन्हा रजिस्टर क्रमांक 309/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से हुई गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र नागरे के नेतृत्व में अपराध प्रकटीकरण टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर मुख्य आरोपी संतोष गंगाराम चौरे (55) को डोंबिवली पूर्व के निवाली फाटा से गिरफ्तार किया। उसकी पूछताछ में बाकी दो आरोपियों के मोबाइल नंबर मिले, जिसके बाद बालाजी रोहिदास पवार (25) और लक्ष्मण रोहिदास पवार (22) को शिर्डी पुलिस थाना क्षेत्र, जिला अहिल्यानगर से दबोचा गया। तीनों आरोपी कल्याण पूर्व के निवाली फाटा इलाके में रहते हैं और इनका मूल पता परभणी जिला, महाराष्ट्र है।
दर्जनों पुराने मामले, पक्का अपराधी रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी संतोष चौरे अत्यंत पुराना और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ वरली, घाटकोपर, कांजुरमार्ग, एमआईडीसी, वाकोला, दिंडोशी, मालाड, गोवंडी, भांडुप, दादर और खेरवाडी समेत विभिन्न पुलिस थानों में 26 पुराने मामले दर्ज हैं। बालाजी पवार के खिलाफ 3 और लक्ष्मण पवार के खिलाफ भी 3 पूर्व मामले दर्ज हैं।
13 पुराने मामले सुलझे, 15.46 लाख के गहने बरामद
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में साकीनाका थाने के 2 मामलों सहित मुंबई और नवी मुंबई के कुल 13 पुराने मामले उजागर हुए। इनमें अंटोप हिल, घाटकोपर, भायखला, एनएम जोशी मार्ग, दिंडोशी, जुहू, श्रीनगर और नवी मुंबई के सानपाडा थाने के मामले शामिल हैं। तीनों आरोपियों से पंचनामे के अंतर्गत अनुमानित 123.7 ग्राम वजन के सोने के गहने जब्त किए गए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 15 लाख 46 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफल कार्रवाई
यह सफल कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, पुलिस सह आयुक्त सत्यनारायण, अपर पुलिस आयुक्त परमजित सिंह दहिया, उपायुक्त दत्ता नलावडे और सहायक आयुक्त प्रदीप मैराले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील यादव और पुलिस निरीक्षक (अपराध) नितीन पाटील की देखरेख में संपन्न हुई। अपराध प्रकटीकरण टीम में राजेंद्र नागरे के साथ दीपक कदम, रिक्की सौंदरमल, परेश शिगवण, विशाल थोरात, रेवनसिद्ध ढगे, विद्या आवटे और तकनीकी सहायता के लिए पिसाळ शामिल थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version