मुंबई: बांद्रा-पूर्व के खेरवाड़ी बाजार रोड स्थित एक स्वर्ण आभूषण की दुकान से लगभग 40 लाख रुपए के सोने के गहने चुराकर भागे चार आरोपियों के गिरोह को निर्मल नगर पुलिस ने महज 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक युवती भी शामिल है।
ग्राहक बनकर आए थे आरोपी
निर्मल नगर पुलिस थाने की हद में रहने और स्वर्ण आभूषण की दुकान चलाने वाले कारोबारी ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह तीन लोग उनकी दुकान में ग्राहक बनकर आए थे, जिनमें दो युवक और एक युवती शामिल थी। दुकानदार काउंटर पर गहनों का बैग रख कर दिखा रहा उसी दौरान कथित ग्राहकों में से एक ने फोन पर किसी से कुछ कहा और दुकान का कांच का दरवाजा खोल दिया। दुकानदार को उसका व्यवहार अजीब लगा लेकिन तीन लोग खासकर युवती साथ में होने से दुकानदार लापरवाह बना रहा। इसी लापरवाही का लाभ कथित ग्राहकों के चौथे साथी ने उठाया। वह चौथा शख्स बिजली की रफ्तार से अचानक दुकान में घुसा और काउंटर पर रखा आभूषणों वाला छोटा बैग (फोल्डर) उठा कर बाहर भाग निकला। वह बाहर कुछ दूरी पर खड़ी की गई अपनी बाइक से फरार हो गया। इस फोल्डर में लगभग 40 लाख रुपए मूल्य की 25 से अधिक सोने की चेन थीं।
सीसीटीवी कैमरे से फंसे चोर
दुकान में अचानक हुई चोरी से दुकानदार हक्का बक्का रह गया। इस दरम्यान वहां मची अफरातफरी का लाभ उठाकर ग्राहक बन कर आए युवक और युवती भी वहां से चुपचाप चंपत हो गए। लेकिन दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों ने सभी आरोपियों की छवि कैद कर ली थी। चोरी का मामला दर्ज होते ही, जोन 8 के डीसीपी मनीष कलवनिया और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश वाघ के मार्गदर्शन तथा एपीआई भोयर के नेतृत्व में पीएसआई सुदर्शन बनकर, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक जयेश फाटक, सिपाही अमोल पवार, शेख, विश्वास सावंत, सागर राठोड, प्रणव तायडे और सागर गायकवाड की टीम ने भागे हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
क्षेत्र का निवासी निकला मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस ने क्षेत्र के खबरियों को घटना का सीसीटीवी फुटेज दिखाया तो उन्होंने कुछ ही देर में मुख्य साजिशकर्ता की पहचान उजागर कर दी, जो कि बांद्रा-पूर्व का ही निवासी निकला। हिरासत में लेकर पुलिसिया अंदाज में पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और अपने साथियों की भी जानकारी पुलिस को दे दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हु चारों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान श्रावण हरिद्वार नाविक, सोनाली सुरेंद्र सिंह यादव, फजील नासीर परमार और अमान उस्मान शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 32 लाख रुपए के सोने के गहने बरामद किए हैं। कोर्ट ने सभी चारों आरोपियों को पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। पुलिस उनसे शेष गहनों के बारे में सख्ती से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि शेष सोने की चेन भी जल्द ही बरामद कर ली जाएगी।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
