मुंबई. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कुछ दिन पहले एक महिला का नग्न अवस्था में शव मिलने से हड़कंप मच गया था। महिला का चेहरा बुरी तरह से कुचल दिया गया था, जिससे पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मृत महिला की पहचान मुंबई निवासी प्रिया शेट्टी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह हत्या लव ट्रायंगल का नतीजा है।
इस पूरे मामले की शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी। गोरखपुर निवासी विजय साहनी एक निजी बीमा कंपनी में नौकरी के लिए मुंबई आया था। वहीं उसकी मुलाकात प्रिया शेट्टी से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने साथ रहना शुरू कर दिया। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे और एक मंदिर में शादी भी की। इसी दौरान प्रिया ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसकी उम्र फिलहाल करीब 13 साल बताई जा रही है।
विजय का दूसरा विवाह बना मौत की वजह
साल 2014 में विजय के परिवार वालों ने उसकी शादी संध्या से करवा दी। विजय और संध्या के तीन बच्चे हैं। कुछ समय बाद प्रिया को विजय के दूसरे विवाह की जानकारी मिली। विजय प्रिया को गोरखपुर ले आया, जिसके बाद संध्या और विजय के बीच लगातार झगड़े होने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों ने मिलकर प्रिया को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
निर्जन स्थान पर उतारा मौत के घाट
29 जनवरी को विजय और संध्या प्रिया को एक सुनसान इलाके में ले गए और उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका चेहरा बुरी तरह से क्षत-विक्षत कर दिया गया। इतना ही नहीं, शव को नग्न अवस्था में छोड़ कर दोनों घर चले गए। 30 जनवरी को पुलिस को नग्न शव मिला तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सीसीटीवी कैमरों ने खोली पोल
विद्रूप किए गए चेहरे वाले निर्वस्त्र शव की शिनाख्त पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी लेकिन लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगालकर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version