मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास ‘शेट्टी टॉवर’ के बाहर मंगलवार आधी रात को हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया है। कुख्यात लॉरेन्स बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर रोहित शेट्टी को सीधे जान से मारने की धमकी दी है।
घटना रात करीब 12:45 बजे हुई। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और 10 मंजिलों वाली इमारत शेट्टी टॉवर की पहली मंजिल पर स्थित रोहित शेट्टी के जिम एरिया को निशाना बनाकर पांच राउंड फायरिंग की। वारदात के समय रोहित घर में ही थे। लेकिन वह सुरक्षित हैं। जबकि फायरिंग के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
बिश्नोई गैंग की खौफनाक पोस्ट
हमले के कुछ ही देर बाद लॉरेन्स बिश्नोई गैंग की एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुई। पोस्ट में लिखा गया, “शेट्टी टॉवर में हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हम लेते हैं। हमने कई बार मैसेज देकर काम में दखल न देने को कहा था। यह तो सिर्फ ट्रेलर है। अगली बार गोली घर के बाहर नहीं, सीधे बेडरूम में छाती पर चलेगी।”
इतना ही नहीं, पोस्ट में पूरे बॉलीवुड को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि जो लोग उनके निशाने पर हैं, वे संभल जाएं वरना उनका अंजाम भी बाबा सिद्दीकी जैसा होगा।
सलमान खान के बाद अब रडार पर रोहित
यह पहली बार नहीं है जब बिश्नोई गैंग ने बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बनाया है। इससे पहले 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी गोलीबार हुई थी। इसके बाद सलमान को वाई-प्लस सुरक्षा दी गई और उनके घर में बुलेटप्रूफ शीशे लगवाए गए।
जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर लिया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई में सामने आया पुणे कनेक्शन
मुंबई पुलिस ने तेज़ी से जांच करने के बाद पुणे से 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त जानकारी और टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुणे में रेड मारकर की गई। गिरफ्तार किए गए लोगों में अमन आनंद मराठे, आदित्य ज्ञानेश्वर सिंगिंग, सिद्धार्थ दीपक येनपुरे और समर्थ शिवशरण पोमाजी शामिल हैं। पांचवें संदिग्ध का नाम गुप्त रखा गया है। पुणे पुलिस के डी. सी. पी. संभाजी कदम ने खुलासा किया कि संदिग्ध पुणे के विभिन्न स्थानों से थे। “हमें मुंबई पुलिस टीम से संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद हमने अलग-अलग टीमों का गठन किया और रविव को 5 लोगों को गिरफ्तार किया। उन्हें मुंबई पुलिस की टीम को सौंप दिया गया है, जो वर्तमान में उनसे पूछताछ कर रही है। विस्तृत जाँच के बाद घटना के बारे में अधिक जानकारी सामने आएगी।
कौन है लॉरेन्स बिश्नोई?
लॉरेन्स बिश्नोई एक कुख्यात गैंगस्टर है, जिसके गिरोह पर हत्या, वसूली, धोखाधड़ी और हिंसक अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। 1998 में काले हिरण के शिकार मामले के बाद से सलमान खान बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं, क्योंकि बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पूजनीय मानता है।
रोहित शेट्टी का वर्कफ्रंट: रोहित शेट्टी हाल ही में अपनी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ और वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ की सफलता को लेकर चर्चा में थे। इस हमले के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल है।
