3 मामले सुलझे
मुंबई. सर जे.जे. अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के मोबाइल चुराने वाले एक शातिर आरोपी को सर जे.जे. मार्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 476/2026 की जांच के दौरान 16 जून 2026 को पुलिस उपनिरीक्षक सैफन कुरणे और अपराध प्रकटीकरण दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक घटना के समय अस्पताल परिसर में घूमता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए उसका फोटो प्राप्त कर उसकी पहचान की गई।
जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध युवक दोबारा चोरी की नीयत से जे.जे. अस्पताल परिसर में आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में अस्पताल परिसर में जाल बिछाया। आरोपी के पहुंचते ही उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सागर श्याम पारखे (24) निवासी माया चाल, महाराष्ट्र नगर, मानखुर्द, मुंबई बताया और चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
घर से बरामद हुए 7 चोरी के मोबाइल
आरोपी के बयान के आधार पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से जे.जे. अस्पताल परिसर से चोरी किए गए 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद सर जे.जे. मार्ग पुलिस थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 476/2026, 478/2026 और 479/2026 सहित कुल तीन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
अपराध प्रकटीकरण दल की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (दक्षिण परिमंडल-1) मनीष कलवानिया के निर्देश तथा सहायक पुलिस आयुक्त तनवीर शेख, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रईस शेख और पुलिस निरीक्षक (अपराध) मुकुंदा वाघमोडे के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में पुलिस उपनिरीक्षक सैफन कुरणे सहित अपराध प्रकटीकरण दल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version