11 सीटों के लिए देर रात जारी की उम्मीदवारों की सूची
मुंबई: महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) की स्थानिक स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्रों की 17 सीटों पर 18 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव और उप-चुनाव के लिए महायुति (राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन) में सीटों का बंटवारा अंतिम रूप ले चुका है। वरिष्ठ नेताओं के बीच लंबी रस्साकशी के बाद तय हुए इस फॉर्मूले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने सर्वाधिक 11 सीटें हासिल कर गठबंधन में अपनी ‘बड़े भाई’ की स्थिति को एक बार फिर साबित कर दिया है। इस फॉर्मूले के तहत शिवसेना (शिंदे गुट) को 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को महज 2 सीटों से संतोष करना पड़ा है। रविवार की देर रात बीजेपी केंद्रीय कार्यालय ने अपने सभी 11 उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची भी जारी कर दी है।
देवेंद्र फडणवीस की रणनीतिक जीत, दबाव के आगे नहीं झुकी बीजेपीइस सीट बंटवारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक कुशलता और रणनीतिक पकड़ का लोहा मनवाया है। दरअसल, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपनी शिवसेना के लिए 17 में से कम से कम 6 या 7 सीटों की मांग पर अड़े हुए थे। उन्होंने अपनी पारंपरिक सीटों के अलावा छत्रपति संभाजीनगर और जालना सीट पर भी दावा ठोंका था और इसके लिए दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर दबाव बनाने का प्रयास भी किया था। लेकिन सीएम फडणवीस किसी भी दबाव के आगे नहीं झुके। उन्होंने सहयोगियों को साधते हुए 11 सीटों पर अपनी दावेदारी मजबूत रखी और डीसीएम शिंदे को 4 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। महायुति का सीट शेयरिंग फॉर्मूला: किसे कौन सी सीट मिली?
भाजपा (11 सीटें): सोलापुर, जलगांव, भंडारा-गोंदिया, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, अमरावती, धाराशिव-लातूर-बीड, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर-जालना, अहिल्यानगर, सांगली-सातारा और नांदेड़। शिवसेना – शिंदे गुट (4 सीटें): ठाणे, नाशिक, परभणी और यवतमाल। राकांपा – अजीत पवार गुट (2 सीटें): कोकण और पुणे।
बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत सूची
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए बीजेपी के स्वीकृत उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं:
वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरोली: अरुण लखाणी
भंडारा-गोंदिया: अविनाश ब्राह्मणकर
अमरावती: प्रवीण पोटे पाटिल
सांगली-सतारा: धैर्यशील कदम
सोलापुर: राजेंद्र राऊत
अहिल्यानगर: प्राजक्त तनपुरे
छत्रपति संभाजीनगर-जालना: सुहास शिरसाट
नांदेड़: अमर राजूरकर
धाराशिव-लातूर-बीड: बसवराज पाटिल
जलगांव: नंदकिशोर महाजन
उप-चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवार: नागपुर: डॉ. राजीव पोतदार
नामांकन का आज आखिरी दिन : अन्य दलों में मंथन जारी
विधान परिषद की इन 17 सीटों के लिए उम्मीदवारी अर्ज (नामांकन) दाखिल करने की आखिरी तारीख आज, (1 जून) है। जहाँ एक तरफ बीजेपी ने रविवार की देर रात अपने उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर दिए, वहीं महायुति के अन्य घटक दलों (शिंदे गुट और अजीत पवार गुट) में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन का दौर जारी था। उम्मीद जताई जा रही है कि आज सुबह-सुबह दोनों दल भी अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस मजबूत सीट बंटवारे और समय रहते उम्मीदवारों की घोषणा के बाद महायुति ने आगामी 18 जून को होने वाले मतदान से पहले ही विपक्ष के सामने एक बेहद कड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
