मुंबई : वर्सोवा इलाके से एक सकते में डालने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने न सिर्फ एक युवा अभिनेता का आइफोन चुरा लिया, बल्कि चोरी के तुरंत बाद उसी फोन से इंस्टाग्राम पर स्टोरी भी पोस्ट कर डाली। इसके अलावा, आरोपी ने अभिनेता के एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करके उसके खाते से 64,000 रुपसे भी निकाल लिए।
24 वर्षीय अभिनेता संदीप यादव मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) इलाके में यारी रोड स्थित एक सोसायटी में किराए पर रहते थे। करीब आठ दिन पहले आरोपी संयम रॉय नामक युवक ने यादव के फ्लैट में ‘पेइंग गेस्ट’ के तौर पर रहना शुरू किया था और विश्वास जीतने के लिए 17,000 रुपए किराया भी दिया था। 4 जनवरी की सुबह संदीप यादव ने देखा कि उनका आइफोन 17 प्रो मैक्स गायब है। जब उन्होंने फ्लैट से बाहर निकलने की कोशिश की तो पाया कि दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया है। बाद में पता चला कि उनका बटुआ भी गायब था, जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और दो एटीएम कार्ड थे। अगले दिन जब उन्होंने बैंक खाता चेक किया तो पता चला कि चोरी हुए एटीएम कार्ड से उनके एसबीआई खाते से 64,000 रुपए निकाल लिए गए हैं।
इंस्टाग्राम पर लगाया चोरी का सबूत
इस बीच, 4 जनवरी की रात करीब 10:12 बजे संयम रॉय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संदीप यादव के चोरी हुए आइफोन की एक स्टोरी पोस्ट की। संदीप को जब यह स्टोरी देखी तो अपना आईफोन पहचान गए। हालांकि, तब तक संयम ने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया था।
कुल 1.57 लाख रुपए की हुई चोरी
माना जा रहा है कि आरोपी ने चोरी के फोन, नकदी और बैंक से निकाले गए पैसे मिलाकर कुल 1,57,500 रुपए की चोरी की है। अभिनेता संदीप यादव की शिकायत पर वर्सोवा पुलिस ने आरोपी संयम रॉय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसे तलाश कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version