विधायक सरदेसाई ने एमएमआरडीए आयुक्त से पूछे तीखे सवाल
मुंबई : बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित एमएमआरडीए सिटी पार्क को लंबे समय से आम जनता के लिए बंद रखने के मुद्दे पर अब सवाल उठने लगे हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक वरुण सरदेसाई ने एमएमआरडीए आयुक्त को पत्र लिखकर पार्क की बंदी, रखरखाव और उपयोग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी हैं।
पार्क बंद रखने के निर्णय पर जवाब तलब
विधायक सरदेसाई ने अपने पत्र में पूछा है कि आखिर यह पार्क आम नागरिकों के लिए कब से बंद है और इसे बंद रखने का निर्णय किस अधिकारी या प्राधिकरण ने लिया। उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि क्या इस संबंध में कोई प्रशासनिक आदेश, नीति निर्णय या आधिकारिक प्रस्ताव मौजूद है। यदि ऐसा कोई आदेश है तो उसकी प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
रखरखाव पर खर्च का मांगा हिसाब
पत्र में पार्क के रखरखाव और सौंदर्यीकरण पर होने वाले खर्च का पूरा ब्यौरा भी मांगा गया है। विधायक ने पूछा है कि पार्क बंद होने के बाद से अब तक उसकी देखभाल, बागवानी, लैंडस्केपिंग और अन्य रखरखाव कार्यों पर कितना खर्च किया गया। साथ ही वार्षिक व्यय और बिलिंग की जानकारी देने को भी कहा गया है।
टेनिस कोर्ट के उपयोग पर भी सवाल
सरदेसाई ने पार्क परिसर में मौजूद टेनिस कोर्ट को लेकर भी जानकारी मांगी है। उन्होंने पूछा है कि यह कोर्ट कब बनाया गया और वर्तमान में इसका उपयोग किन लोगों को करने की अनुमति है। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया है कि क्या पार्क का उपयोग केवल अधिकारियों और उनके परिवारों तक सीमित कर दिया गया है।
2021 के बाद संचालन व्यवस्था पर संदेह
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2021 में पार्क की संचालन व्यवस्था समाप्त हो गई थी और उसके बाद किसी नए ऑपरेटर या एजेंसी की नियुक्ति नहीं की गई। विधायक ने 2021 के बाद से पार्क के प्रशासन और रखरखाव की जिम्मेदारी किस संस्था या विभाग के पास है, इसकी जानकारी भी मांगी है।
आम जनता के लिए पार्क कब खुलेगा?
विधायक वरुण सरदेसाई ने अपने पत्र के अंत में यह सवाल भी उठाया कि आखिर 2021 के बाद से पार्क आम लोगों के लिए क्यों नहीं खोला गया। उन्होंने एमएमआरडीए से जल्द से जल्द पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
