बांगुरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंबई: मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित ओशिवरा बस डिपो के पास स्थित बस स्टॉप पर मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का बांगुरनगर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी के कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है।
बस में चढ़ते समय चोरी हुआ मोबाइल
बांगुरनगर पुलिस थाने में छत्रपति वसाहत, भगतसिंह नगर नंबर-3, गोरेगांव पश्चिम निवासी और आंगनवाड़ी शिक्षिका मीनाक्षी योगेश मोरे (33) ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 28 फरवरी 2026 को सुबह करीब 8.30 से 8.45 बजे के बीच वह ओशिवरा बस डिपो, दक्षिण वाहिनी लिंक रोड से बस नंबर 464 में चढ़ रही थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनकी काली पर्स से रेडमी 14 (पर्पल रंग) मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 6 हजार रुपए है, चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सरकारी सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दे रहा संदिग्ध व्यक्ति श्रीकांत प्रवीणचंद दामानी (55) होने का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने मालवणी, मालाड पश्चिम स्थित उसके घर पर छापा मारकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने मोबाइल चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके साथी आलम नजीर खान (40) को भी जाल बिछाकर गिरफ्तार किया। वह भंगार खरीदने का काम करता है और फिलहाल भायंदर इलाके में फुटपाथ पर रहता था।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपियों से पूछताछ में पुलिस ने बांगुरनगर पुलिस स्टेशन के दो और बोरीवली रेलवे पुलिस स्टेशन के एक सहित कुल चार चोरी के मामले उजागर किए हैं। मुख्य आरोपी श्रीकांत दामानी के खिलाफ मुंबई के कई पुलिस थानों में पहले भी चोरी और अन्य मामलों के कई अपराध दर्ज पाए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी छोटे स्तर के संगठित अपराध गिरोह से जुड़े हैं। इसके चलते उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 भी बढ़ाई गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर क्षेत्र) संदीप जाधव, पुलिस उपायुक्त परिमंडल-11, सहायक पुलिस आयुक्त गोरेगांव डिवीजन और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र आव्हाड के मार्गदर्शन में की गई। बांगुरनगर पुलिस स्टेशन की क्राइम डिटेक्शन टीम और उपनिरीक्षक योगेश रंधे ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version