मुंबई: मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) क्षेत्र में हर वर्ष 1 मार्च से मानसून पूर्व नालेसफाई का कार्य शुरू करने की परंपरा रही है। लेकिन इस वर्ष लगभग आधा मार्च माह बीत चुका है लेकिन इसके बाद भी कई स्थानों पर नालेसफाई का कार्य वास्तव में शुरू होता दिखाई नहीं दे रहा है। इससे बारिश के मौसम में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका नागरिकों द्वारा व्यक्त की जा रही है।
क्या है देरी की वजह?
इससे पहले महानगरपालिका में प्रशासक राज चल रहा था। अब जनप्रतिनिधि चुने जा चुके हैं और महापौर, स्थायी समिति अध्यक्ष तथा नगरसेवक कार्यरत हैं। ऐसी स्थिति में नालेसफाई का कार्य आखिर किस स्तर पर अटका हुआ है, इस बारे में स्पष्टता होना आवश्यक है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा कि यदि ठेकेदार नहीं मिल रहे हैं या निविदा प्रक्रिया में देरी हो रही है, तो महानगरपालिका को अपने ही कर्मचारियों के माध्यम से नालेसफाई का कार्य करवाना चाहिए। इससे एक ओर सार्वजनिक धन की बचत होगी और दूसरी ओर कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर बनी रहेगी।
तुरंत निर्णय ले बीएमसी
पालिका प्रशासन को इस विषय पर तुरंत निर्णय लेकर पूरे मुंबई में नालेसफाई का कार्य तेजी से शुरू करना चाहिए, ऐसी मांग भी गलगली ने की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version