मुंबई: अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने एक बार फिर बॉलीवुड इंडस्ट्री के काले पक्ष को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। #MeToo अभियान से चर्चा में आई तनुश्री ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में नए कलाकारों को अक्सर बड़े सपनों और झूठे वादों के जरिए फंसाया जाता है, जिसके बाद उनका शोषण किया जाता है।
तारीफों के जरिए बनाया जाता है जाल
तनुश्री ने बताया कि इंडस्ट्री में आने वाले नए कलाकारों की शुरुआत में खूब तारीफ की जाती है। उन्हें कहा जाता है कि वे हीरो या हीरोइन बनने के लिए ही पैदा हुए हैं और जल्द बड़े स्टार बनेंगे। इन मीठे शब्दों से उनका भरोसा जीता जाता है, लेकिन कई बार यह केवल एक जाल होता है, जिसमें फंसने के बाद कलाकारों पर उनकी इच्छा के खिलाफ काम करने का दबाव बनाया जाता है।
फिल्म इंडस्ट्री में चॉकलेट अलग होता है’
तनुश्री ने कहा कि बचपन में माता-पिता बच्चों को सिखाते हैं कि किसी अनजान व्यक्ति के दिए चॉकलेट के लालच में न आएं। लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में ‘चॉकलेट’ का मतलब अलग होता है। यहां लोगों की महत्वाकांक्षाओं, सपनों और इच्छाओं का फायदा उठाकर उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश की जाती है।
देह व्यापार में धकेले जाने का दावा
तनुश्री दत्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार कलाकारों को ऐसी परिस्थितियों में धकेल दिया जाता है, जहां से कई बार लड़कियों को देह व्यापार जैसे रास्तों की ओर जाने को भी मजबूर किया जाता है। उनके मुताबिक ऐसी घटनाएं बहुत कम सामने आती हैं, क्योंकि इंडस्ट्री में अक्सर केवल सफलता की कहानियां ही दिखाई जाती हैं।
मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है असर
उन्होंने कहा कि इस तरह के शोषण का कई कलाकारों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। कुछ लोग अवसाद में चले जाते हैं और इंडस्ट्री छोड़कर अपने घर लौट जाते हैं, जबकि कुछ लोग पूरी तरह टूट जाते हैं।
नए कलाकारों को चेतावनी
तनुश्री ने कहा कि इस विषय पर बोलने का उद्देश्य नए कलाकारों को सावधान करना है। उनके अनुसार कई युवक-युवतियां बड़े सपने लेकर फिल्म इंडस्ट्री में आते हैं, लेकिन कुछ लोग उनका इस्तेमाल कर उन्हें छोड़ देते हैं। इसलिए इंडस्ट्री में कदम रखते समय किसी पर भी आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version