मुंबई: विले पार्ले (पूर्व) इलाके में रविवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। पत्नी को बचाने आए 24 वर्षीय युवक की उसके ही जीजा ने चाकू मारकर हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सागर गुप्ता (24) के रूप में हुई है, जो शास्त्री नगर, विले पार्ले (पूर्व) का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, सागर अपनी बहन ममता और जीजा आकाश मौर्य के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और बहन को बचाने के लिए उसके घर पहुंचा था।
शराब की लत ने बनाया शैतान
मृतक की मां अनीता गुप्ता की शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी ममता की शादी वर्ष 2021 में आकाश मौर्य से हुई थी। आरोप है कि आकाश शराब का आदी है और नशे की हालत में अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। पारिवारिक कलह की जानकारी रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी थी।
सड़क पर हुई हाथापाई में जानलेवा हमला
रविवार रात करीब 10 बजे खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आकाश ने गुस्से में ममता के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। यह देख सागर ने हस्तक्षेप किया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस और हाथापाई हो गई। विवाद घर से बाहर सड़क तक पहुंच गया, जहां छीना-झपटी के दौरान आकाश ने धारदार हथियार से सागर की गर्दन पर वार कर दिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
हमले में गंभीर रूप से घायल सागर को स्थानीय लोगों की मदद से वी.एन. देसाई अस्पताल, सांताक्रूज (पूर्व) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी फरार
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन ने मृतक की मां की शिकायत पर आरोपी आकाश मौर्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश जारी है।
इलाके में आक्रोश
पड़ोसियों का कहना है कि दंपति के झगड़े अक्सर होते थे और कई बार परिवार ने समझाने की कोशिश भी की थी। लेकिन इस बार शराब के नशे और गुस्से ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली और पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version