हिलरी क्लिंटन, सचिन तेंदुलकर सहित 400 वक्ता होंगे शामिल
मुंबई. देश का पहला मुंबई क्लाइमेट वीक 17 से 19 फरवरी 2026 तक जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। प्रोजेक्ट मुंबई द्वारा महाराष्ट्र सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम ग्लोबल साउथ के लिए नागरिक-आधारित जलवायु मंच के रूप में मुंबई को स्थापित करेगा।
तीन दिवसीय सम्मेलन में अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलरी क्लिंटन, जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ सौम्या स्वामीनाथन, दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और पियूष गोयल, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित 100 से अधिक संस्थाएं और 400 वक्ता भाग लेंगे। फिल्म जगत से दिया मिर्जा और भूमि पेडणेकर भी शामिल होंगी। शहरी लचीलापन, खाद्य व्यवस्था और ऊर्जा संक्रमण प्रमुख विषय रहेंगे।
हब-एंड-स्पोक मॉडल और नागरिक सहभागिता
कार्यक्रम हब-एंड-स्पोक मॉडल पर आधारित है। केंद्रीय हब में नेतृत्व संवाद, विषयगत सत्र, एमसीडब्ल्यू इनोवेशन चैलेंज, यूथ ग्रीन इनोवेशन चैलेंज और “वातावरण” नागरिक मंच आयोजित होंगे। पूरे सप्ताह शहर भर में शाश्वत विकास मेले, सार्वजनिक व्याख्यान, फिल्म प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
नवाचार और युवा नेतृत्व
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की साझेदारी में एमसीडब्ल्यू इनोवेशन चैलेंज के माध्यम से स्टार्टअप और नागरिक समूह जलवायु समाधान प्रस्तुत करेंगे। यूनिसेफ इंडिया के सहयोग से 16-24 आयु वर्ग के युवाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। केंद्रीय प्रदर्शनी में गोदरेज, महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी कंपनियां जलवायु समाधान प्रदर्शित करेंगी।
पंजीकरण के माध्यम से नागरिकों के लिए प्रवेश खुला रहेगा। इसे वार्षिक मंच के रूप में विकसित करने की योजना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version