मुंबई: ठाणे जिले के मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में हत्या की घटना से हड़कंप मच गया है। यहां चार बच्चों की मां की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृत महिला की पहचान 36 वर्षीय सुमन कांबले के रूप में हुई है। वह काशीमीरा इलाके में अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती थी और घर-घर जाकर काम करती थी।
जानकारी के मुताबिक, सुमन मीरा रोड पूर्व के साई बाबा नगर स्थित चंद्रेश अकॉर्ड्स इमारत में भी काम करती थी। जिस फ्लैट में यह घटना हुई, वहां दो भाई रहते थे, जिनमें से एक 42 वर्षीय नवोदित अभिनेता बताया जा रहा है। महिला के पास घर की चाबी भी थी। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे सुमन काम के लिए वहां पहुंची, लेकिन घर में आरोपी मौजूद था। सुमन जैसे ही घर में दाखिल हुई, आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सुमन किसी तरह दरवाजे तक पहुंची।
अस्पताल में मौत
पड़ोसियों ने सुमन को खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या की वजह
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले एक महीने से सुमन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। महिला लगातार इसका विरोध कर रही थी और इस बारे में उसने अपने परिवार और आरोपी के बड़े भाई को भी बताया था। इसके बाद उसने काम छोड़ दिया था।
कुछ दिनों बाद आरोपी के बड़े भाई ने महिला को फोन कर भरोसा दिलाया कि छोटा भाई घर पर नहीं है और उसे दोबारा काम पर बुलाया। इसी भरोसे पर सुमन फिर वहां पहुंची, जहां यह वारदात हुई।
जांच और पुलिस कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में बड़े भाई की साजिश में कोई भूमिका सामने नहीं आई है। दोनों भाइयों के बीच हाल के दिनों में कोई संपर्क भी नहीं पाया गया है। बड़े भाई का बयान भी दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। इस सनसनीखेज मामले में अब पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version