मुंबई: पैकर्स एंड मूवर्स के नाम पर लोगों को ठगने वाले आरोपियों के खिलाफ कुरार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और ठगी में ली गई पूरी संपत्ति जब्त कर ली है। इस मामले में एक अभिनेत्री से करीब 5 लाख रुपए की ठगी की गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कु. नेहा नरेशकुमार मलिक (उम्र 27 वर्ष), पेशे से अभिनेत्री, लोखंडवाला, अंधेरी पश्चिम की निवासी हैं। 4 जनवरी 2026 को ‘इनफिल्ड लॉजिस्टिक पैकर्स एंड मूवर्स’ कंपनी का मालिक होने का दावा करने वाले वैभव सिंह ने खुद को पैकर्स एंड मूवर्स बताकर उनका भरोसा जीता। इसके बाद घर के दैनिक उपयोग का लगभग 5 लाख रुपए मूल्य का सामान शिफ्टिंग के बहाने ले कर चंपत हो गया।
कुरार पुलिस में मामला दर्ज
इस संबंध में शिकायत दर्ज होने पर 10 जनवरी 2026 को कुरार पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि यह अपराध वैभव सिंह ने विजय रामअवतार पाल (उम्र 40 वर्ष, पेशा हमाली, निवासी चांदीवली, साकीनाका, अंधेरी पूर्व) के साथ मिलकर किया था। इसके बाद विजय पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ठगी की पूरी संपत्ति बरामद
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी में ली गई पूरी संपत्ति को बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त सत्य नारायण चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, उपायुक्त महेश चिमटे और सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे के मार्गदर्शन में की गई। कुरार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजीव तावड़े और उनकी टीम ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पैकर्स एंड मूवर्स जैसी सेवाएं लेते समय कंपनी की पूरी जानकारी, पंजीकरण और विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
