मुंबई: वडाला इलाके में मंगलवार (3 मार्च) को होली के जश्न के बाद हुई एक बेहद मामूली तकरार का अंजाम एक 22 वर्षीय युवक की हत्या के रूप में सामने आया। महज पैर लगने जैसी छोटी सी बात पर हुए विवाद में चार युवकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृत युवक का नाम तुषार उज्जैनवाला (22) बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे वडाला के कोकरीपाड़ा इलाके में आरोपी होली खेलने के बाद बैठकर शराब पी रहे थे। उसी दौरान तुषार अपने एक दोस्त के साथ वहां से गुजर रहा था। चलते समय गलती से उसका पैर एक आरोपी के पैर में स्पर्श हो गया। इस छोटी सी घटना पर पहले कहासुनी शुरू हुई और आरोपियों ने तुषार के साथ गाली-गलौज की।
गाली गलौज का कारण पूछना बना काल
घर जाने के बाद तुषार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने बड़े भाई को दी। तो बड़ा भाई तुषार को लेकर झगड़े का कारण पूछने फिर मौके पर पहुंच गया। तुषार और उसके भाई का वापस आना आरोपियों को नागवार लगा और वे ज्यादा भड़क गए। बताया जा रहा है कि चारों आरोपियों ने मिलकर तुषार पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बीच-बचाव की कोशिश भी की गई, लेकिन तब तक तुषार गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होली के जश्न पर लगा दाग
वडाला इलाके में घटित हुई इस वारदात ने रंगों के त्योहार होली को कलंकित कर दिया। फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही वडाला पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version