NGO चेयरमैन बताकर लगाया चूना
मुंबई: मेट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी का झांसा देकर एक महिला से 17.73 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता 42 वर्षीय ग्राफिक डिजाइनर है, जिसे आरोपी ने खुद को प्रभावशाली एनजीओ का चेयरमैन बताकर अपने जाल में फंसाया।
झूठी पहचान से शादी का प्रस्ताव
पुलिस के अनुसार, पीड़िता कई वर्षों से एक नामी मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर योग्य जीवनसाथी की तलाश में पंजीकृत थी। इसी दौरान उसे विराज बालासाहेब भोसले नामक व्यक्ति से शादी का प्रस्ताव मिला, जिसने खुद को पुणे का निवासी बताया। आरोपी ने बताया था कि उसके पिता आईपीएस अधिकारी हैं। मां फिजियोथेरेपिस्ट हैं और वह स्वयं पुणे स्थित एक एनजीओ का चेयरमैन है।
सरकारी योजनाओं का झांसा
आरोपी ने महिला को बताया कि उसके सरकारी योजनाओं और सीएसआर फंड तक पहुंच है। उसने यह भी दावा किया कि वह तलाकशुदा, विधवा और सिंगल महिलाओं को रियायती दरों पर घर दिलाने में मदद करता है।
घर दिलाने के बहाने ठगी की शुरुआत
मुंबई में घर दिलाने के नाम पर आरोपी ने पहले टोकन अमाउंट मांगा। उस पर भरोसा करते हुए महिला ने अपने बैंक खाते से 5.60 लाख रुपए किस्तों में ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी के कहने पर महिला ने तीन पर्सनल लोन लेकर अलग-अलग खातों में कुल 12.13 लाख रुपए और ट्रांसफर कर दिए।
पैसे मिलने के बाद धमकियां
कुल 17.73 लाख रुपए मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क कम कर दिया। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर उसे गालियां दीं और राजनीतिक व पुलिस कनेक्शन होने का दावा करते हुए शिकायत न करने की धमकी दी।
सोशल मीडिया से हुआ खुलासा
बाद में आरोपी के सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच करने पर महिला को पता चला कि वह इसी तरह कई अन्य महिलाओं से भी ठगी कर चुका है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस का रुख किया।
मामला दर्ज, आरोपी फरार
पीड़िता की शिकायत के आधार पर नवघर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मेट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version