मुंबई: फिल्मकार रोहित शेट्टी के आवास से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। जांच में रेकी, अवैध हथियारों की सप्लाई, फंडिंग और संभावित अंतरराष्ट्रीय लिंक सामने आए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 20 जनवरी को आरोपी सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पुणे से एक दोपहिया वाहन लेकर मुंबई आए थे। उन्होंने विले पार्ले रेलवे स्टेशन के बाहर होंडा डियो स्कूटी खड़ी की थी, जिसे शूटर के इस्तेमाल के लिए रखा गया था। पुलिस का दावा है कि बिहार का रहने वाला संदिग्ध शूटर अपने 4–5 साथियों के साथ मुंबई में ठहरा था और घटना से पहले रोहित शेट्टी के घर की 3 से 4 बार रेकी की गई थी।
सप्लाई चेन जांच के घेरे में
जांच के दौरान आरोपी स्वप्निल साकेत से एक पिस्टल, तीन मैगजीन और एक एयर गन बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ये हथियार हाल ही में गिरफ्तार आरोपी आसाराम फसाले ने मुख्य साजिशकर्ता और फरार आरोपी शुभम लोनकर के निर्देश पर स्वप्निल को सौंपे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य आपराधिक वारदात में किया गया है।
फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय लिंक की आशंका
पुलिस ने अदालत को बताया कि साजिश को अंजाम देने के लिए बड़ी रकम की व्यवस्था की गई थी। इसी पैसे से स्कूटी और अन्य जरूरी सामान खरीदा गया था। अब बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि मनी ट्रेल का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट में एक विदेशी गैंग का नाम सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच शुरू कर दी गई है।
एन्क्रिप्टेड ऐप से बातचीत
जांच में पता चला है कि आरोपी आपस में एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप ‘सिग्नल’ के जरिए संपर्क में थे। पुलिस से बचने के लिए कुछ आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से ऐप डिलीट कर दिया था। पांचवें आरोपी का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि डिलीट किए गए डेटा और चैट्स को रिकवर किया जा सके।
शूटर और मास्टरमाइंड की तलाश
पुलिस की प्राथमिकता अभी अज्ञात शूटर और फरार मास्टरमाइंड शुभम लोनकर को गिरफ्तार करना है। इसके अलावा, मामले में इस्तेमाल किए गए अन्य हथियारों और वाहनों की बरामदगी, आरोपियों की आमने-सामने पूछताछ और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी से पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

