मुंबई की तस्वीर बदलेगा ‘100 दिनों का रोड मैप’: महापौर रितू तावड़े ने कसी कमर

मुंबई : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंबई की महापौर श्रीमती रितू तावड़े ने शहर के सर्वांगीण विकास के लिए अपना ‘100 दिनों का प्राथमिकता एजेंडा’ साझा किया। 11 फरवरी 2026 को पदभार ग्रहण करने के महज एक महीने के भीतर महापौर ने 21 प्रमुख मुद्दों वाले इस मास्टर प्लान में से 7 महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर जमीनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तावड़े ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य प्रशासन को अधिक पारदर्शी, गतिशील और नागरिक-केंद्रित बनाना है।
प्रमुख पहल: जो शुरू हो चुकी हैं
महापौर ने महिला सशक्तिकरण और जनसुविधाओं पर जोर देते हुए निम्नलिखित कार्यों को गति दी है:
भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन: बीएमसी की सभी सामग्रियों की खरीद अब GeM पोर्टल के जरिए अनिवार्य कर दी गई है।
स्वच्छता अभियान: वॉर्ड स्तर पर स्वच्छता स्पर्धाओं का आयोजन और कचरा मुक्त वॉर्ड बनाने के लिए स्वतंत्र एजेंसी की नियुक्ति।
मानसून की तैयारी: 100% नाला सफाई का लक्ष्य और जलभराव रोकने के लिए ब्रिमस्टोव्ड-2 प्रोजेक्ट हेतु IIT मुंबई की मदद।
फेरीवाला पुनर्वास: पात्र फेरीवालों के लिए ‘हॉकिंग जोन’ का निर्माण और उन्हें QR कोड वाले पहचान पत्र वितरित करने की प्रक्रिया शुरू।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा: 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण का शुभारंभ और बीएमसी स्कूलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का संकल्प।
100 दिनों के रोड मैप के मुख्य बिंदु
प्रशासन द्वारा जारी एजेंडे में मुंबई के भविष्य के लिए 21 बड़े संकल्प लिए गए हैं:
बुनियादी ढांचा: सभी सड़कों को यूटिलिटी कॉरिडोर के साथ सीमेंट कंक्रीट (CC) में बदलना।
महिला सशक्तिकरण: ‘लाडली बहनों’ को 5 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराना।
पर्यावरण और स्वास्थ्य: वायु गुणवत्ता (AQI) सुधारने के उपाय और गारगाई-पिंजाल जल परियोजना की समीक्षा।
पार्किंग और सुरक्षा: नई भूमिगत पार्किंग जगहों की खोज और अंधेरे वाली सड़कों पर ‘लक्स लेवल’ (रोशनी) बढ़ाना।
मनोरंजन और पर्यटन: वीरमाता जिजाबाई भोसले उद्यान (रानी बाग) के लिए गुजरात से एशियाई शेर लाने हेतु व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास। साथ ही मराठी फिल्मों के लिए नए मल्टीप्लेक्स का निर्माण।
युवाओं के लिए अवसर: ‘मेयर जेन नेक्स्ट’ (GEN NEXT) इंटर्नशिप प्रोग्राम की शुरुआत।

“हमारा संकल्प मुंबई के नागरिकों को एक पारदर्शक और सक्षम प्रशासन देना है। 100 दिनों के भीतर इन 21 प्राथमिकताओं को पूरा कर हम मुंबई के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।”
— श्रीमती रितू तावड़े, महापौर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *