मुंबई : धारावी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज माचिस देने से इनकार करने पर तीन नाबालिगों ने फुटपाथ पर सो रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने शहर में सुरक्षा और नशे की समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
धारावी पुलिस की गश्ती टीम को सायन-बांद्रा लिंक रोड के टी-जंक्शन के पास एक व्यक्ति लहूलुहान और बेहोश हालत में मिला। इंस्पेक्टर संगीता माने के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल उसे सायन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, सिर पर भारी वस्तु से किए गए गहरे वार के कारण उसकी जान गई।
माचिस मांगने पर हुआ विवाद, फिर हत्या
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी नाबालिग बांद्रा-खार पूर्व क्षेत्र के रहने वाले हैं और नशे के आदी हैं। उन्होंने फुटपाथ पर सो रहे व्यक्ति से माचिस मांगी थी। मना करने पर वे गुस्से में आ गए और धारदार हथियार तथा पास पड़ी ईंट से उस पर हमला कर दिया।
घटनास्थल से खून सनी ईंट बरामद
पुलिस ने मौके से खून से सनी ईंट बरामद की है, जिसे हमले में इस्तेमाल किया गया था। मृतक के सिर, कान और आंखों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। एफआईआर के अनुसार, उसने नारंगी जैकेट और सफेद कमीज पहन रखी थी।
तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार
शुरुआत में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने निर्मल नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र से तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पहचान की कोशिशें तेज
धारावी पुलिस अब मृतक की शिनाख्त करने और आरोपियों के आपराधिक व नशे से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस स्थानीय स्तर पर लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके। यह घटना शहर में बढ़ती नशाखोरी और युवाओं में हिंसक प्रवृत्ति पर चिंता बढ़ाने वाली है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version