एक क्लू से सुलझी गुत्थी
मालाड की महिला गिरफ्तार

मुंबई : मालाड में 4 लाख रुपए के विवाद में हुई सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश 5 महीने बाद रत्नागिरी के चिपलून में हुआ। ‘सूटकेस मर्डर’ के इस खौफनाक मामले में एक अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच में पता चला है कि मालाड निवासी एजाज कुरैशी (54) की हत्या नवंबर 2025 में मुंबई में की गई। हत्या के बाद शव को सूटकेस में भरकर कार से चिपलून के रामपुर-आवटेवाड़ी स्थित आम के बाग में लाकर दफनाया गया।
मकान की डिपोजिट रकम के लिए मर्डर
आरोपी जन्नतुनिसा खान ने घर के डिपॉजिट के रूप में एजाज को करीब 4 लाख रुपए दिए थे। रकम वापस न मिलने पर विवाद बढ़ा और प्रेमी विशाल खोडदेकर के साथ मिलकर उसने कुरैशी को घर बुलाकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूटकेस मर्डर’ का खौफनाक सच
हत्या के बाद शव को सूटकेस में छिपाकर ठिकाने लगाया गया। कुछ समय बाद जानवरों द्वारा शव बाहर निकालने की आशंका के चलते आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचे और सबूत मिटाने के लिए डीजल डालकर शव जला दिया।
5 महीने बाद हड्डियों से खुला राज
31 मार्च को चिपलून में जली हुई मानव हड्डियां मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से अंगूठी, अन्य सामान और शरीर में लगी स्टील रॉड बरामद की, जिससे जांच को दिशा मिली।
एक ‘क्लू’ बना केस का टर्निंग पॉइंट
शव में मिली स्टील रॉड इस केस की सबसे अहम कड़ी साबित हुई। पुलिस ने मालाड पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों की जांच की, जहां कुरैशी के पैर में ऑपरेशन के दौरान रॉड होने की जानकारी मिली और पहचान पक्की हो गई।
फेसबुक से ट्रेस हुए आरोपी
मुख्य आरोपी विशाल खोडदेकर चार महीने से फरार था और मोबाइल बंद था, लेकिन सोशल मीडिया (फेसबुक) पर सक्रिय था। इसी डिजिटल क्लू के आधार पर पुलिस ने उसे मालाड से गिरफ्तार किया।
प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार, 6 दिन की कस्टडी
इस सनसनीखेज हत्याकांड में विशाल खोडदेकर और जन्नतुनिसा खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने दोनों को 6 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा है।
बेटे को नहीं थी भनक
चौंकाने वाली बात यह रही कि शव ले जाते समय महिला का 17 वर्षीय बेटा भी कार में मौजूद था, लेकिन उसे डिक्की में रखे शव की जानकारी नहीं थी।
पुलिस की तेज जांच से सुलझी गुत्थी
पुलिस निरीक्षक फुलचंद मेंगडे के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच के जरिए महज 24 घंटे में इस ‘सूटकेस मर्डर मिस्ट्री’ का खुलासा कर दिया। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version