मुंबई. भिवंडी में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की ओर से पार्टी छोड़ने की चर्चा में रहे छह सांसदों के विरोध में ‘ऑपरेशन पीटो’ (Shivsena UBT Operation tudava) के तहत जोरदार ‘जूता मारो’ आंदोलन किया गया. छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में आयोजित इस प्रदर्शन में शिवसैनिकों ने संबंधित सांसदों के फोटो पर जूते मारकर अपना विरोध जताया और उनके खिलाफ नारेबाजी की.
विश्वासघात का आरोप
आंदोलन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि शिवसैनिकों की मेहनत, संघर्ष और जनसमर्थन के बल पर चुने गए सांसदों ने स्वार्थ के लिए पार्टी छोड़कर जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास के साथ विश्वासघात किया है. उन्होंने मांग की कि दल बदलने वाले जनप्रतिनिधि पहले अपने पद से इस्तीफा दें और फिर जनता के बीच जाकर नया जनादेश प्राप्त करें.
ऑपरेशन टाइगर की चर्चा से बढ़ी सियासत
पिछले कुछ दिनों से राज्य की राजनीति में ‘ऑपरेशन टाइगर’ (Operation Tiger) की चर्चा तेज है. इसी के तहत उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के शिंदे गुट में जाने की अटकलों के बीच ठाकरे समर्थक आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं. भिवंडी का यह आंदोलन उसी राजनीतिक घटनाक्रम का हिस्सा माना जा रहा है.
भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर भी तीखा हमला बोला गया. नेताओं ने दावा किया कि शिवसेना फिर से मजबूती के साथ खड़ी होगी और महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक भगवा झंडा फहराएगी. आंदोलन में विश्वास थले, कुंदन पाटील, मनोज गगे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और शिवसैनिक मौजूद रहे.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version