मुंबई: महाराष्ट्र में 264 नगरपरिषद और नगरपंचायतों के लिए मंगलवार को मतदान चल रहा है, लेकिन इससे एक दिन पहले इसमें काले जादू का कलंक लगने से हड़कंप मच गया। नगरपरिषद चुनावों की सरगर्मी के बीच महाराष्ट्र के परांडा नगरपरिषद चुनाव क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। प्रचार अभियान के अंतिम दौर में यहां जनशक्ती नगरविकास आघाडी के प्रमुख उम्मीदवारों को निशाना बनाते हुए टोनाटोटका (तंत्र मंत्र प्रयोग) किए जाने का मामला उजागर हुआ है। शहर के खांजा खलील दरगाह कब्रिस्तान में पार्टी के नेताओं की तस्वीरों पर सुई चुभोकर काले कपड़े में लपेटा गया पाया गया, जिससे पूरे शहर में डर का माहौल बन गया है।
राज्य में नगरपरिषद चुनावों की जोरदार तैयारियां चल रही हैं और प्रचार अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में परांडा में यह घटना चुनावी प्रचार को एक अलग ही दिशा दे गई है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना किसने अंजाम दी और इसके पीछे का मकसद क्या है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपों की जांच जारी
आमतौर पर चुनावी रणभूमि में उम्मीदवार और कार्यकर्ता रात देर तक बैठकें, कोने सभाएं और मतदाताओं से मुलाकात करते हैं, लेकिन इस बार अंधविश्वास का सहारा लेने की यह भयावह घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। प्रशासन ने शहर में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चुनावी प्रतिस्पर्धा कितनी भी तीव्र क्यों न हो, लेकिन इस तरह की हरकतें स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग से भी हस्तक्षेप की मांग उठने लगी है। फिलहाल, यह सवाल बना हुआ है कि आखिर कौन है इस घटना के पीछे और किसे निशाना बनाया जा रहा था?

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version