मुंबई. राज्य के शिवभोजन केंद्रों में व्यावसायिक गैस आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए सरकार सकारात्मक रुख अपना रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने विधान परिषद में कहा कि गैस आपूर्ति में आई बाधाओं के कारण बंद हुए शिवभोजन केंद्रों को जल्द ही फिर से शुरू किया जाएगा।
41 केंद्र नियमित रूप से संचालित
विधान परिषद सदस्य उमा खापरे द्वारा पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र के शिवभोजन केंद्रों में गैस आपूर्ति के संबंध में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री भुजबल ने बताया कि योजना के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर व्यावसायिक गैस आपूर्ति में दिक्कतें आई थीं, लेकिन संबंधित केंद्रों ने वैकल्पिक व्यवस्था कर लाभार्थियों को भोजन उपलब्ध कराया। राज्य के 42 में से 41 शिवभोजन केंद्र नियमित रूप से कार्यरत हैं।
बंद केंद्र जल्द होंगे शुरू
मंत्री भुजबल ने कहा कि जिन केंद्रों में गैस आपूर्ति के कारण अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई थी, उन्हें दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। जिन क्षेत्रों में सिटी गैस वितरण व्यवस्था उपलब्ध है, वहां के शिवभोजन केंद्र आवेदन करने पर पाइपलाइन के माध्यम से गैस प्राप्त कर सकेंगे।
लाभार्थियों को नहीं होगी परेशानी
भुजबल ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पहले घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाती है, उसके बाद व्यावसायिक ग्राहकों को गैस उपलब्ध कराई जाती है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी शिवभोजन केंद्र सुचारु रूप से चलते रहें और लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शिवभोजन केंद्रों को मिलेगी राहत : गैस आपूर्ति सुचारु करने पर सरकार का जोर











Leave a Reply