मुंबई: महाराष्ट्र राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (महावितरण) द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले राज्यभर के 1 लाख 21 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति महावितरण ने पहली बार रिमोट सिस्टम के जरिए काट दी, जिससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।
80 हजार उपभोक्ता जागे
महावितरण की इस सख्त कार्रवाई के बाद करीब 80 हजार उपभोक्ताओं ने तुरंत बिजली बिल का भुगतान कर दिया, जिसके बाद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। हालांकि, 41 हजार उपभोक्ताओं ने अब तक बिल नहीं भरा है, जिस कारण उनके घरों में अभी भी अंधेरा छाया हुआ है।
महावितरण के हैं साढ़े तीन करोड़ उपभोक्ताओं
राज्यभर में महावितरण के करीब साढ़े तीन करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या घरेलू उपभोक्ताओं की है। उपभोक्ताओं को बिजली की सटीक खपत का बिल मिले, रियल टाइम में बिजली उपयोग की जानकारी हो, मीटर से छेड़छाड़ और बिजली चोरी पर रोक लगे तथा मीटर रीडिंग की झंझट खत्म हो—इसी उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
85 लाख स्मार्ट मीटर लगे
अब तक राज्य में करीब 85 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इन मीटरों की मदद से महावितरण कार्यालय से ही बिलिंग साइकिल के अनुसार बिजली बिल भेजना संभव हो गया है। लेकिन जो उपभोक्ता समय पर बिल नहीं भर रहे हैं, उनके खिलाफ अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
रिमोट से काटी गई बिजली
हाल ही में महावितरण ने कार्यालय में बैठकर ही 1 लाख 21 हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रिमोट के जरिए बंद की थी। इसका असर यह हुआ कि हजारों उपभोक्ता तुरंत हरकत में आए और बिल भरते ही उनकी बिजली फिर से चालू कर दी गई।
घर-घर जांच के आदेश
बिजली कटने के बावजूद जिन 41 हजार उपभोक्ताओं ने अब तक बिल नहीं भरा है, उनके खिलाफ महावितरण ने अगला कदम उठाने का फैसला किया है। आशंका है कि कुछ उपभोक्ता हुकिंग कर, पड़ोसियों से बिजली लेकर या मीटर बायपास कर बिजली का उपयोग कर रहे हों। इसे लेकर महावितरण ने अपने विभागीय कार्यालयों को घर-घर जाकर जांच करने और रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
महावितरण के कार्यकारी संचालक (वितरण) ने स्पष्ट किया है कि जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। स्मार्ट मीटर के जरिए अब बकायादार उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी पूरी तरह से शुरू हो चुकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version