सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत मुंबई से विशेष सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अखंड श्रद्धा के 1000 वर्ष’ कार्यक्रम का शनिवार को मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से उत्साह के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और भारतीय सभ्यता की अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।
श्रद्धा और इतिहास का संगम
इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराने के साथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और भारतीय परंपरा में उसके महत्व की जानकारी दी जाएगी। यात्रा के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, संवाद सत्र और भारतीय मूल्यों पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
पुनर्निर्माण की प्रेरक गाथा
कार्यक्रम में बताया गया कि सोमनाथ मंदिर ने इतिहास में कई आक्रमणों और कठिन परिस्थितियों का सामना किया। इसके बावजूद बार-बार पुनर्निर्माण होकर खड़ा होना भारतीय समाज की अटूट आस्था, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक माना जाता है।
कई गणमान्य रहे मौजूद
यह कार्यक्रम मंत्री आशिष शेलार की संकल्पना पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक संजय उपाध्ये, नगरसेवक शिवा शेट्टी, आईआरसीटीसी के अतिरिक्त कार्यकारी प्रबंधक हर्षवर्धन सिंह रावत और रेलवे के अतिरिक्त वाणिज्य प्रबंधक अमित करवंदे सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। मंत्री ने यात्रियों से संवाद कर इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला।
संस्कृति के संरक्षण पर जोर
सांस्कृतिक कार्य विभाग ने कहा कि महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और भारतीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग के निदेशक श्रीराम पांडे ने विश्वास जताया कि यह यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और इतिहास के प्रति लोगों की जागरूकता को और मजबूत करेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version