मुंबई : भारत निर्वाचन आयोग ने देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में “विशेष गहन पुनरीक्षण” (एसआईआर) अभियान के तीसरे चरण की घोषणा की है। इस अभियान में महाराष्ट्र को भी शामिल किया गया है। इसके तहत राज्य के लगभग 9 करोड़ 86 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड का प्रत्यक्ष सत्यापन किया जाएगा।
घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे बीएलओ
महाराष्ट्र में इस विशेष अभियान को बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा। राज्य के कुल 9,86,44,413 मतदाताओं के विवरण का सत्यापन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से किया जाएगा। बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सहयोग करेंगे।
जनगणना कार्य के साथ होगा समन्वय
निर्वाचन आयोग ने बताया कि वर्तमान में चल रहे जनगणना कार्य को ध्यान में रखते हुए तीसरे चरण की समय-सारिणी तय की गई है। महाराष्ट्र में यह अभियान जून 2026 से शुरू होकर अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
जून से शुरू होगा अभियान
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 से 29 जून 2026 के बीच बीएलओ का प्रशिक्षण और पूर्व तैयारी की जाएगी। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। वहीं 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
भारत निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अपील की है। आयोग का कहना है कि इससे मतदाता सूची से दोहरे नामों और मृत मतदाताओं के नाम हटाने में मदद मिलेगी। साथ ही नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण भी अधिक पारदर्शी और सटीक तरीके से किया जा सकेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version