मुंबई: मुंबई शहर और उपनगरों में नागरिकों को सुरक्षित दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अन्न एवं औषध प्रशासन विभाग ने 7 अप्रैल 2026 को टोल नाकों पर विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान बड़ी मात्रा में दूध के नमूनों की जांच कर कार्रवाई की गई.
अन्न एवं औषध प्रशासन विभाग द्वारा यह विशेष अभियान पूरी रात चलाया गया. अभियान के तहत मुलुंड (आनंद नगर), मुलुंड (LBS मार्ग), ऐरोली, मानखुर्द, दहिसर और शिवड़ी सहित कुल 6 स्थानों पर जांच टीमें तैनात की गई थीं.
195 नमूनों की जांच
अभियान के दौरान कुल 195 दूध के नमूने लिए गए. जांच के बाद 188 नमूने मानक के अनुरूप पाए गए, जबकि 6 नमूने घटिया गुणवत्ता के और 1 नमूना असुरक्षित पाया गया. इसके अलावा 7 नमूने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखे गए हैं.

11 हजार लीटर से अधिक दूध का स्टॉक जब्त
जांच के दौरान बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए कुल 11,080.5 लीटर दूध का स्टॉक जब्त किया गया. घटिया गुणवत्ता वाले दूध को सील कर उत्पादकों को वापस भेजा गया तो वहीं
90 लीटर असुरक्षित दूध को तुरंत नष्ट भी किया गया.

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह अभियान मंत्री नरहरी झिरवल, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, सचिव धीरज कुमार, आयुक्त श्रीधर दुबे पाटील सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाया गया.
नागरिकों से सहयोग की अपील
अन्न एवं औषध प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे. अन्न सुरक्षा आयुक्त श्रीधर दुबे पाटील ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी विभाग को दें.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version