मुंबई: कुर्ला स्थित शमीम टॉवर (Shamim Tower) में लिफ्ट का दरवाजा अचानक खुलने से 12 वर्षीय जैन शेख (Jain Shaikh) लिफ्ट शाफ्ट में गिर गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे की सायन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
10वीं मंजिल पर दोस्तों के साथ खेल रहा था बच्चा
घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। जैन शेख अपने दोस्तों के साथ 10वीं मंजिल के कॉरिडोर में खेल रहा था। इसी दौरान उसने लिफ्ट के बाहरी लोहे के दरवाजे पर हाथ रखा। आरोप है कि लिफ्ट उस मंजिल पर मौजूद नहीं थी, फिर भी दरवाजा अचानक खुल गया। संतुलन बिगड़ने से जैन सीधे लिफ्ट शाफ्ट में गिर गया।
तीसरी मंजिल पर खड़ी लिफ्ट की छत पर गिरा
जानकारी के अनुसार, लिफ्ट तीसरी मंजिल पर रुकी हुई थी। 10वीं मंजिल से गिरने के बाद जैन लिफ्ट की छत पर जा गिरा। सोसायटी के लोगों ने उसे बाहर निकालकर तुरंत सायन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें जैन के दरवाजे को छूते ही उसके खुलने और बच्चे के शाफ्ट में गिरने का दृश्य दिखाई देता है। घटना के बाद इमारत में दहशत का माहौल है।
लापरवाही की जांच, हो सकती है कड़ी कार्रवाई
स्थानीय पुलिस और डीसीपी (DCP) ने मौके का निरीक्षण किया। नेहरू नगर पुलिस (Nehru Nagar Police) ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि सोसायटी प्रबंधन या लिफ्ट मेंटेनेंस कंपनी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ लापरवाही और सदोष मानव वध से संबंधित गंभीर आपराधिक मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
