मुंबई: दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अचानक निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने शनिवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने अब उनसे पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद भी संभालने की मांग की है।
विधायकों ने उठाई राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की मांग
रविवार को अजित पवार के दालन में हुई राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायकों की बैठक के बाद कुछ नाराज विधायकों और मंत्रियों ने अनौपचारिक बैठक की। इस बैठक में विधायकों ने एक निवेदन तैयार किया, जिसमें सुनेत्रा पवार से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद स्वीकारने की मांग की गई है।
पाथरी के विधायक राजेश विटेकर, अणुशक्ति की विधायक सना मलिक, अमलनेर के विधायक अनिल पाटिल, मावल के सुनील शेळके, सिन्नर के माणिकराव कोकाटे तथा मदत व पुनर्वसन मंत्री मकरंद पाटिल और खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल ने इस पत्र पर तुरंत हस्ताक्षर किए। विधायकों ने कहा कि सोमवार को यह पत्र सुनेत्रा पवार को सौंपा जाएगा।
भाजपा के दबाव में न आए
बैठक में उपस्थित विधायकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी में जो हो रहा है वह सही नहीं है। उन्हें विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। विधायकों का कहना है कि पार्टी भाजपा के दबाव में नहीं आनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पार्टी अध्यक्ष पवार परिवार का ही होना चाहिए।
अजित की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
सुनेत्रा पवार ने कहा कि अजित पवार ने जीवनभर किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित वर्गों के लिए काम किया। शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर के विचारों के प्रति निष्ठा रखते हुए वह इस जिम्मेदारी को कर्तव्यभाव से स्वीकार कर रही हैं। उन्होंने कहा, “दादा के असमय जाने से न केवल व्यक्तिगत जीवन में बल्कि पूरे महाराष्ट्र के मन पर दुख का बड़ा पहाड़ टूट पड़ा है। लेकिन उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संघर्ष की शक्ति और जनता के प्रति ईमानदार प्रतिबद्धता ही मेरा असली आधार है।”
मुख्यमंत्री ने की धैर्य की सराहना
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सुनेत्रा पवार के साहस की सराहना की। उन्होंने लिखा, “प्रसंग कठिन था… लेकिन जिस धैर्य से श्रीमती सुनेत्रा वहिनी ने महाराष्ट्र हित का निर्णय लिया, वह सराहनीय, साहसी और उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करने वाला है।” फडणवीस ने कहा कि भाजपा और महायुती सरकार इस कठिन समय में अजित पवार के परिवार के साथ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोस्ट कर सुनेत्रा पवार को बधाई दी। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल शुरू करने वाली सुनेत्रा पवार जी को शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य की जनता के कल्याण के लिए अथक परिश्रम करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के स्वप्न को आगे बढ़ाएंगी।”
तीन विभागों की मिली जिम्मेदारी
राज्य की 11वीं उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क, क्रीड़ा और युवा कल्याण तथा अल्पसंख्यक विकास के तीन विभाग दिए गए हैं। वहीं, अजित पवार के नियोजन और वित्त विभाग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने पास रख लिए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version