मुंबई : ठाणे जिले के मुंब्रा बायपास के पास भटकते कुत्ते के मुंह में नवजात शिशु का शव मिलने की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इस घटना से जास्मिन चॉल परिसर में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बच्चों ने सबसे पहले देखा भयावह मंजर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे जास्मिन चॉल इलाके में बच्चे गली में खेल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक आवारा कुत्ते को नवजात शिशु के शव को मुंह में दबाकर ले जाते देखा. बच्चों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद स्थानीय निवासी मुस्कान मौके पर पहुंचीं.
स्थानीय लोगों ने कुत्ते से छुड़ाया शव
मौके पर पहुंचने पर लोगों ने देखा कि नवजात के शव को कुत्तों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था और उसका एक पैर खा लिया गया था. स्थानीय नागरिकों ने किसी तरह शव को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद शव को कपड़े में लपेटकर तुरंत मुंब्रा पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि
सूचना मिलते ही मुंब्रा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नजदीकी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार नवजात की उम्र लगभग 7 से 8 महीने बताई जा रही है. हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
नवजात को फेंके जाने की आशंका
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी ने जन्म के बाद या मृत्यु होने के बाद नवजात के शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया होगा. वहीं यह भी संभावना जताई जा रही है कि इलाके में बड़ी संख्या में घूमने वाले आवारा कुत्तों ने शव को किसी अन्य स्थान से लाकर यहां पहुंचाया हो. फिलहाल मुंब्रा पुलिस नवजात की पहचान, उसके माता-पिता और शव यहां तक कैसे पहुंचा, इन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version