मंत्री लोढा ने की पश्चिम रेलवे के महा प्रबंधक से मुलाकात
कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढा की पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रबंधक से मुलाकात, यात्री सुविधाओं को लेकर हुई अहम बैठक
मुंबई: दक्षिण मुंबई के पश्चिम रेलवे लाइन पर स्थित तीन प्रमुख स्टेशनों – मुंबई सेंट्रल, ग्रांट रोड और चर्नी रोड – पर जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। यहां न केवल एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियाँ) लगाए जाएंगे, बल्कि स्टेशन परिसर को अतिक्रमण मुक्त और सौंदर्यीकृत भी किया जाएगा। इस संबंध में राज्य के कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने शनिवार को पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रबंधक प्रदीप कुमार से उनके चर्चगेट स्थित कार्यालय में मुलाकात कर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान मंत्री लोढा ने स्थानीय नागरिकों की ओर से उठाई जा रही गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्टेशनों के आसपास अवैध फेरीवालों ने पैदल रास्तों और सड़कों पर अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे आम यात्रियों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही है। मंत्री ने आशंका जताई कि इनमें से कई फेरीवाले अवैध रूप से देश में रह रहे बांग्लादेशी या रोहिंग्या हो सकते हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को स्टेशन परिसर में इन अवैध फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की। इसके अलावा, मंत्री ने सड़कों पर नशे के आदी लोगों द्वारा यात्रियों को परेशान किए जाने की समस्या को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और रेलवे को इस मामले में भी तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
लंबित पुल और एस्केलेटर के मुद्दे
मंत्री लोढा ने चर्नी रोड स्टेशन को गिरगांव से जोड़ने वाले पुल के निर्माण में तेजी लाने की भी अपील की, जो लंबे समय से लंबित है। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। साथ ही, उन्होंने वृद्ध और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुंबई सेंट्रल, ग्रांट रोड और चर्नी रोड स्टेशनों पर जल्द से जल्द एस्केलेटर लगाने की मांग दोहराई।
रेलवे का आश्वासन
पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रबंधक प्रदीप कुमार ने सभी मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को तुरंत विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि स्टेशनों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव लंबित है और जल्द ही स्टेशन परिसर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने का काम शुरू किया जाएगा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। इस बैठक में कौशिकजी शाह सहित कई स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
