मुंबई: इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में हुई MBA छात्रा की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पीयूष धनोतिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने जो खुलासे किए हैं, उन्होंने पुलिस और जांच अधिकारियों के होश उड़ा दिए हैं। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी पीयूष ने कुबूल किया कि वह नशे का आदी है और उसने करीब 15 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी। घटना वाले दिन आरोपी ने छात्रा को ‘गिफ्ट’ देने के बहाने बुलाया, उसके हाथ-पैर बांधे और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के पास बैठकर शराब पी और मृतका के शव के साथ अमानवीय कृत्य (दरिंदगी) भी किया।
शादी का विवाद और शक बना हत्या की वजह
शुरुआती जांच के अनुसार, हत्या के पीछे शादी को लेकर चल रहा विवाद मुख्य कारण था। आरोपी को शक था कि छात्रा किसी और से बात करती है, क्योंकि उसने छात्रा के फोन में एक बैटिंग और चैटिंग ऐप देखी थी। इसी गुस्से और शक में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों को भेजे अश्लील मैसेज और बदला हुलिया
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतका का फोन इस्तेमाल किया। उसने छात्रा के परिवार वालों और कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप्स पर अश्लील मैसेज भेजे और सोशल मीडिया स्टेटस पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की ताकि पुलिस और परिवार को गुमराह किया जा सके। इसके बाद वह अपना सिम कार्ड तोड़कर नई सिम के साथ मुंबई फरार हो गया।
आत्मा से बात करने के लिए किया ‘टोटका’
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मुंबई पहुंचने के बाद उसे छात्रा की याद आने लगी। उसने यूट्यूब पर ‘आत्मा से बात करने के तरीके’ सर्च किए और मुंबई के नाला सोपारा इलाके में पूजा सामग्री खरीदकर तांत्रिक अनुष्ठान (टोटका) भी किया। वह कथित तौर पर मृतका की रूह से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था।
हर 100 किमी पर बदलता था ट्रेन
गिरफ्तारी से बचने के लिए पीयूष ने शातिराना तरीका अपनाया। वह मुंबई में छात्रा का मोबाइल ऑन करता और ट्रेन में बैठ जाता। पुलिस को चकमा देने के लिए वह हर 100 किलोमीटर पर अपनी ट्रेन बदल देता था ताकि उसकी लोकेशन एक जगह स्थिर न रहे। हालांकि, इंदौर पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए उसे अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी अब क्राइम सीन रिक्रिएशन (घटना का पुनर्निर्माण) करेंगे और इस मामले में डिजिटल साक्ष्य जुटा रहे हैं।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

