बीएमसी में 100 दिनों का 20 सूत्री एजेंडा
6 काम एक महीने में पूरे

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों से मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने और मुंबईकरों के सपनों को साकार करने के लिए समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया है। दादर स्थित वसंत स्मृति में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पार्षदों को मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी पार्टी के नव निर्वाचित नगरसेवकों को भ्रष्टाचार मुक्त मुंबई बनाने का रोड मैप समझाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष आमदार आमित साटम, महापौर रितु तावड़े, स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे और सभागृह नेता गणेश खणकर ने संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित कर पहले 100 दिनों के 20 सूत्री कार्यक्रम की घोषणा की।
भ्रष्टाचार पर शिकंजा
आमदार आमित साटम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पालिका प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्थायी समिति में होने वाली तथाकथित ‘अंडरस्टैंडिंग’ (आपसी समझौते) को समाप्त कर दिया गया है, जिससे भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की दिशा में काम शुरू हो गया है।
100 दिनों के एजेंडे की बड़ी उपलब्धियां
श्री साटम ने जानकारी दी कि 20 सूत्री कार्यक्रम में से 6 महत्वपूर्ण कार्य मात्र एक महीने के भीतर पूरे कर लिए गए हैं। इनमें प्रमुख हैं:
पारदर्शी खरीद: बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सभी 27 स्कूलों के लिए शैक्षणिक सामग्री की खरीद अब सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
स्वच्छता अभियान: मुंबई को और अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
प्रवेश द्वार: मुंबई और नवी मुंबई के बीच शहर के प्रवेश द्वार (गेटवे) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य पहल: केंद्र सरकार की योजना के तहत, पालिका ने 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) का टीकाकरण शुरू कर दिया है।
बाढ़ प्रबंधन: मुंबई में आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आईआईटी बॉम्बे के एक अध्ययन दल को नियुक्त किया गया है।
वन्यजीव योजना: रानी चौक (विक्टोरिया गार्डन) में सिंह लाने का प्रस्ताव है, जिसके लिए गुजरात सरकार और जूनागढ़ प्रशासन से बातचीत की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शहीद कार्यकर्ताओं को किया याद
इस प्रशिक्षण वर्ग के दौरान एक भावपूर्ण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों कोविड काल में सेवा देते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले भाजपा के 56 कार्यकर्ताओं को समर्पित एक पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत आयोजित कार्यशाला में आमदार योगेश सागर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। आमदार साटम ने विश्वास व्यक्त किया कि शेष लक्ष्यों को भी समय पर पूरा कर 100 दिनों का एजेंडा सफलतापूर्वक लागू किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version