मुंबई: दक्षिण मुंबई के नागपाड़ा इलाके में गुरुवार रात दो गुटों के बीच 700 रुपए को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
12 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज करते हुए हत्या के प्रयास और भारतीय न्याय संहिता की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक दोनों पक्षों से कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें लोगों को हाथों में लोहे की रॉड और बांस लेकर एक-दूसरे का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद नागपाड़ा पुलिस टीम ने घटना में शामिल लोगों को पकड़ लिया।
पुणे से शुरू हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पहला मामला 26 वर्षीय अब्दुल हन्नान असद सिद्दीकी के बयान पर दर्ज किया गया, जो कपड़े के व्यवसाय से जुड़े हैं और नागपाड़ा इलाके में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले वह अपने दोस्तों मोहम्मद सोहैल सिद्दीकी और जाकिर दाबिर सिद्दीकी के साथ कपड़े के कारोबार के सिलसिले में पुणे गए थे। वहां तीनों एक होटल में एक साथ रुके और कमरे का किराया बांटने का फैसला किया। लेकिन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु के कारण बाजार बंद होने से जाकिर मुंबई लौट आए और कहा कि वह मुंबई से कपड़े खरीदेंगे।
होटल के किराए में हिस्से को लेकर हुआ बवाल
गुरुवार को सुबह मुंबई लौटे अब्दुल ने जाकिर की फोन किया और उनसे होटल के किराए में से उनके हिस्से के 1,200 रुपयों की मांग की। जाकिर ने गूगल पे के जरिए सिर्फ 400 रुपए भेजे। बाकी रकम देने से जाकिर ने इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच फोन पर ही तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई और एक-दूसरे को गाली-गलौज और धमकी दी।
गौसिया मस्जिद के पास हुआ हमला
अब्दुल ने आरोप लगाया कि वह अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ कमाठीपुरा की ओर जा रहे थे। गौसिया मस्जिद के पास जाकिर ने आठ-नौ लोगों के साथ लोहे की रॉड और बांस से उन पर हमला कर दिया।
दूसरे पक्ष का आरोप
पुलिस ने जाकिर सिद्दीकी के बयान पर भी एक अलग मामला दर्ज किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि अब्दुल ने छह-सात सदस्यों के साथ उन पर और उनके दोस्तों पर लोहे की रॉड से हमला किया।
एक की हालत गंभीर, बाकी को मिली छुट्टी
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस कृष्णकांत उपाध्याय ने बताया, “दोनों गुटों के बीच 700 रुपए को लेकर लड़ाई हुई और उन्होंने लोहे की रॉड और बांस से एक-दूसरे पर हमला किया। कुल पांच लोग घायल हुए, जिनमें अब्दुल कादरी अफताब सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।”
डेढ़ दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज
नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि अब्दुल की एफआईआर में पुलिस ने कुल नौ लोगों को बुक किया है, जबकि जाकिर के मामले में सात लोगों को बुक किया गया है। दोनों पक्षों से कुल 12 लोगों को हत्या के प्रयास और बीएनएस की अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
