मतदाता सूची पर युबीटी के फेंक नैरेटिव का पर्दाफाश

बोले, नैतिक आधार पर इस्तीफ़ा दें यूबीटी विधायक…

मुंबई :  शिवसेना आयोजित पत्रकार वार्ता में शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी),कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए पूर्व सांसद व शिवसेना (शिंदे गुट) के उपनेता एवं प्रवक्ता संजय निरुपम ने कहा कि मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी को लेकर विरोधी दलों द्वारा फैलाए गए फेक नेरेटिव का पर्दाफाश हो चुका है. 1 नवंबर को मुंबई में चुनाव आयोग के कार्यालय पर  निकलने वाला मोर्चा केवल विपक्षी दलों का पॉलिटिकल स्टंट है. संजय निरुपम ने कहा कि महाराष्ट्र का विधानसभा चुनाव बुरी तरह हारने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले 72 लाख फर्जी वोटर का आरोप लगाया और बाद में 24 लाख तक आ गए लेकिन उनके सभी आरोप निराधार साबित हुए. हार से व्याकुल विपक्षी दल वोटरों के खिलाफ फर्जी सवाल उठाकर खुद फंस गए हैं. उन्होंने आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि यूबीटी के युवराज ने अपने वर्ली विधानसभा क्षेत्र में 11 हजार वोट फर्जी तरीके से बढ़ने का आरोप लगाया. लेकिन वह स्वयं फंस गए है. क्योंकि सवाल ये उठता है कि यदि वर्ली में फर्जी मतदाता बढ़े तो वह (आदित्य) खुद चुनाव कैसे जीत गए? निरुपम ने कहा कि पिछले साल राज्य में लोकसभा के बाद विधानसभा चुनाव में अकेले मुंबई में 1.98 लाख वोटर बढ़े. प्रक्रिया के तहत हर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव आयोग ने  अभियान चलाया और सभी दलों ने नए वोटरों का एनरोलमेंट किया. बड़ी संख्या में होटलों में काम करने वाले या अवैध झोपड़ियों में रहने वाले मजदूर वहीं के पते पर वोटर लिस्ट में नाम डलवाते हैं. वे फर्जी वोटर नहीं भारत के वैध नागरिक हैं. यह एक सामान्य प्रक्रिया है. लेकिन करारी हार के बाद बौखलाए विपक्षी संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं. लोकसभा चुनाव के दौरान लाल किताब लेकर घूमने वाले राहुल गांधी संविधान और सरकार पर आरोप लगाते हैं. अब यूबीटी प्रमुख और उनके युवराज भी वही राग अलाप रहे हैं,. पूर्व सांसद निरुपम ने कहा कि उन्हीं मतदाताओं के बल पर मुंबई में उबाठा के 10 विधायक चुने गए यदि उन्हें मतदाता सूची पर विश्वास नहीं है तो उन्हें नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए.

त्रुटियां दूर करने के लिए ही एसआईआर
संजय निरुपम ने कहा कि मतदाता सूची में कुछ त्रुटियां जरूर हैं. उन्हें दूर करने के लिए ही सर (एसआईआर) लागू किया गया. इस वजह से बिहार में 68 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर निकल गए. निरुपम ने कहा कि यही स्थिति बंगाल में होने वाली है. क्योंकि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों के फर्जी वोटरों के सहारे ममता बनर्जी चुनाव जीतती हैं.

यूबीटी पक्ष प्रमुख दे रहे गीदड़ भभकी

शिवसेना प्रवक्ता निरुपम ने कहा कि यूबीटी पक्ष प्रमुख आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में हार के डर से चुनाव आयोग को धमकी दे रहे हैं. वे नहीं चाहते कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर महाराष्ट्र में मनपा, नपा व अन्य स्थानीय निकाय चुनाव हों, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2026 तक सभी चुनाव कराने के आदेश दिए हैं. उसी के कारण चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में एसआईआर लागू नहीं किया. निरुपम ने कहा कि यदि विपक्षी चुनाव नहीं चाहते हैं तो उन्हें चुनाव आयोग के कार्यालय पर मोर्चा निकालने की बजाय सुप्रीम कोर्ट जाना चाहिए. आने वाले निकाय चुनाव में भी कांग्रेस, यूबीटी को हार साफ दिख रही है, इसलिए चुनाव आयोग पर दोष मढ़ कर  चुनाव टालना चाहते हैं. निरुपम के अनुसार, मतदाता सूची में यदि कोई गड़बड़ी दिखती है तो उसके सबूत के साथ चुनाव आयोग को लिखित शिकायत करनी चाहिए न की मोर्चा और धमकी देनी चाहिए.

मनपा की तिजोरी पर नजर
एक सवाल के जवाब में संजय निरुपम ने कहा कि यूबीटी पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने देश के गृहमंत्री अमित शाह को एनकोंडा कहकर महाराष्ट्र की संस्कृति का अपमान किया है. इसलिए हमारे नेता उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे साहब ने कहा कि उद्धव ठाकरे सांप की तरह मुंबई मनपा की तिजोरी पर कुंडली मार कर बैठे हैं. कोविड में भी भारी भ्रष्टाचार किया अब बीएमसी में ट्रिपल इंजन के साथ महायुति का मेयर बैठेगा. निरुपम ने कहा कि इसी डर से यूबीटी चुनाव आयोग और सरकार को धमकी देते हैं, सरकार इनकी धमकियों से डरने वाली नहीं है. संजय राउत को बड़ा बेवकूफ की संज्ञा देते हुए संजय निरुपम ने कहा कि राउत की वजह से ही महाविकास आघाड़ी का महाविनाश हो गया है.

बिहार में उपमुख्यमंत्री पद की रेवड़ी
शिवसेना उपनेता संजय निरुपम ने कहा कि बिहार चुनाव में उपमुख्यमंत्री पद की रेवड़ी आरजेडी और कांग्रेस बांट रहे हैं. मुस्लिमों को बीजेपी का डर दिखा कर लालू व कांग्रेस अपनी राजनीति करते आए हैं. निरुपम ने कहा कि कांग्रेस को भी मुस्लिम समाज का अपना उप मुख्यमंत्री घोषित करना चाहिए. वोट चोर- गद्दी छोड़ का नारा लगाने वाली कांग्रेस के नेताओं पर बिहार में टिकट चोर का आरोप उन्ही के कार्यकर्ता लगा रहे हैं.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version