मुंबई. केंद्रीय मंत्री और उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल की पहल पर ‘उत्तर मुंबई सांसद खेल महोत्सव 2025’ का आयोजन किया जा रहा है. इसके लिए पंजीकरण शुक्रवार से शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विजन से प्रेरित इस आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग जनों को एक ऐसा मंच देना है, जिससे उत्तर मुंबई में खेल भावना स्थायी रूप से विकसित हो सके.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की पहल को धरातल पर लाते हुए, वे उत्तर मुंबई के युवाओं और सभी आयु वर्ग के नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वे बड़ी संख्या में भाग लें और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि उत्तर मुंबई में शीघ्र ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं तैयार की जाएंगी, जो समाज के हर नागरिक, विशेषकर गरीब तबके के लिए सुलभ होंगी. यह महोत्सव आधुनिक अंतरराष्ट्रीय खेलों और महाराष्ट्र की पारंपरिक खेल संस्कृति का संगम होगा, जो भारत की विविध खेल परंपरा का उत्सव बनेगा. यह क्रीड़ा महोत्सव 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य फिट इंडिया मूवमेंट के तहत खेल, फिटनेस और सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करना है. इसमें लगभग एक लाख नागरिकों के 25 से अधिक खेल विधाओं में भाग लेने की संभावना है, जिससे यह मुंबई के सबसे बड़े सामुदायिक खेल आयोजनों में से एक बनेगा. गौरतलब हो कि मंत्री गोयल ने पहले ही घोषणा की थी कि उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र में एक भव्य खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिससे फिटनेस, नेतृत्व और खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके.
खेल वर्ग:
आधुनिक खेल: कुश्ती, क्रिकेट, बॉक्सिंग, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और अन्य
पारंपरिक खेल: कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, लंगड़ी, लंगोरी, मलखंभ, सारिथॉन, स्पून-मर्बल रेस, “होम मिनिस्टर” आदि
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की प्रमुख घोषणाएं:
- विजेताओं के लिए प्रोत्साहन: विजेताओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को छात्रवृत्ति एवं सम्मान दिया जाएगा.
- प्रतिभा पहचान: महोत्सव के दौरान उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा.
- विश्वस्तरीय खेल केंद्र: उत्तर मुंबई के एसएआई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को पीपीपी मॉडल के तहत विश्वस्तरीय खेल हब के रूप में विकसित किया जाएगा.
- आधारभूत ढांचा विकास: उत्तर मुंबई में विविध खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि हर वर्ग को खेल का अवसर मिले.
- स्पोर्ट्स क्लब भूमि का उपयोग: सरकारी भूमि पर बने खेल क्लबों को गरीब और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के विकास हेतु प्रभावी रूप से उपयोग किया जाएगा.
- मैदानों तक पहुंच: नगर निगम के खेल मैदानों की जानकारी को समेकित कर स्थानीय खिलाड़ियों के लिए सुलभ बनाया जाएगा.
- विशेष खेल कोष: गरीब और मध्यमवर्गीय समुदायों में खेल मंचों को सशक्त बनाने के लिए एक समर्पित फंड बनाया जाएगा.
युवा शक्ति का पर्व खासदार क्रीड़ा महोत्सव
खासदार क्रीड़ा महोत्सव फिटनेस और सामुदायिक एकता की भावना का उत्सव है. यह दर्शाता है कि फिटनेस ही सफलता की कुंजी है. इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. प्रत्येक प्रतिभागी को खेल मंत्रालय द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा और प्रतियोगिताएं उत्तर मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों और वार्डों में आयोजित की जाएंगी. यह महोत्सव मात्र एक आयोजन नहीं बल्कि एक जन आंदोलन है, जिसका लक्ष्य है युवाओं को सशक्त बनाना, प्रतिभा को निखारना और एक स्वस्थ, सशक्त उत्तर मुंबई का निर्माण करना.
– पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री व सांसद- उत्तर मुंबई