पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले की पुलिस को हत्या के एक 16 साल पुराने मामले अपेक्षा से कहीं ज्यादा बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। उक्त हत्यारोपी को पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने ने अपने अतीत का एक ऐसा खौफनाक राज पुलिस के सामने खोला जिसके बारे में जानकार पुलिस अधिकारी सकते में आ गए। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पहले एक हत्या कर चुका है। लेकिन 26 साल पहले की गई उस हत्या के बारे में इससे पहले कोई कुछ भी जान नहीं पाया था।
मामला 2009 का है, जब नालासोपारा में दलाली के पैसों के विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अविनाश लालता प्रसाद सोनी (42) और उसके कुछ साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद सोनी महाराष्ट्र से फरार होकर मध्य प्रदेश के इटारसी चला गया। वहां उसने अपना हुलिया और पहचान बदल लिया तथा 16 सालों तक पुलिस को चकमा देता रहा।
आजमगढ़ में 1998 में किया था कत्ल
नालासोपारा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक विशाल वाल्वी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और 22 दिसंबर को सोनी को मुंबई के बाहरी इलाके नायगांव (पूर्व) से धर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो जांच में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ। सोनी ने स्वीकार किया कि 2009 की हत्या से भी पहले उसने 1998 में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक मर्डर किया था। उसने बताया कि होली के दिन उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पालघर पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आजमगढ़ पुलिस से संपर्क कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version