गणेश मूर्ति आगमन के दौरान हादसा
मुंबई: गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच मुंबई के भुलेश्वर (Bhuleshwar) में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। 22 फीट ऊंची ‘भुलेश्वर के राजा’ (Bhuleshwar Ke Raja) की गणेश मूर्ति आगमन के दौरान अचानक गिर गई। मूर्ति के नीचे दबने से गणेश मंडल (Ganesh Mandal) के अध्यक्ष समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे ने गणेश भक्तों की तैयारियों के बीच शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
मूर्ति गिरने को लेकर अलग-अलग दावे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गणेश मूर्ति को भायखला (Byculla) से भुलेश्वर (Bhuleshwar) की ओर लाया जा रहा था। मंडप से करीब 50 से 60 मीटर पहले मूर्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गिर गई। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि ट्रॉली का पहिया सड़क के गड्ढे में फंसने के बाद जोरदार झटका लगा, जिससे मूर्ति हिलने लगी और देखते ही देखते गिर गई। हालांकि, पुलिस (Police) और अग्निशमन दल (Fire Brigade) की शुरुआती जांच में सड़क पर बड़े गड्ढे मिलने की बात सामने नहीं आई है। प्रशासन ने गड्ढे के कारण हादसा होने की अटकलों को खारिज किया है।
वेल्डिंग टूटने से हादसे की आशंका
क्रेन और सपोर्ट सिस्टम की तकनीकी जांच शुरू
पुलिस और अग्निशमन दल से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मूर्ति को पीछे से सहारा देने वाली वेल्डिंग टूट गई थी। इसके बाद मूर्ति आगे की ओर गिर गई। जांच में क्रेन (Crane) और सपोर्ट सिस्टम (Support System) से जुड़ी मुख्य वेल्डिंग में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। नट-बोल्ट (Nut-Bolt) पर अत्यधिक दबाव पड़ने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटनावश मौत (Accidental Death) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे (Sanket Nevse) और 30 वर्षीय ब्रिजेश हेमंत जोशी (Brijesh Hemant Joshi) के रूप में हुई है। दोनों को अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में पांच और सात वर्ष की दो बच्चियां भी शामिल हैं।
शेलार ने मुआवजे का किया ऐलान
मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख, घायलों को एक-एक लाख
मंत्री आशीष शेलार (Ashish Shelar) ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों को व्यक्तिगत रूप से पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।
उन्होंने मुंबई (Mumbai) में गणेश मूर्ति आगमन के सभी मार्गों की 24 घंटे के भीतर जांच करने के निर्देश दिए हैं। शेलार ने कहा कि जांच में यदि प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
