Hindi News / Business / Featured

जेब पर महंगाई बड़ा अटैक : ऑटो-टैक्सी, दूध, सिलेंडर, CNG-PNG के दाम बढ़े

Article Top Ad

कार खरीदना भी महंगा, लागू हुए 5 बड़े बदलाव
सितंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगी साबित हुई है. 1 सितंबर 2026 से कई ऐसे बदलाव लागू हुए हैं, जिनका सीधा असर रोजमर्रा के खर्च पर पड़ेगा. मुंबई महानगर क्षेत्र में CNG और PNG महंगी हो गई है. इसके साथ ऑटो रिक्शा और काली-पीली टैक्सी का किराया बढ़ गया है. मुंबई में थोक दूध के दाम में भी 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 19 किलो के व्यावसायिक गैस सिलेंडर महंगे होने के साथ टाटा मोटर्स और हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों की कीमतें बढ़ाई हैं.
CNG और PNG हुई महंगी
महानगर गैस लिमिटेड (Mahanagar Gas Limited) ने CNG की कीमत 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 88 रुपये कर दी है. नई दर 1 सितंबर की मध्यरात्रि से लागू हुई है. कंपनी ने पश्चिम एशिया में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय गैस बाजार पर पड़े असर और महंगी आयातित गैस की बढ़ती जरूरत को कीमत बढ़ाने की वजह बताया है.
घरेलू पाइप वाली गैस यानी PNG की कीमत भी 1 रुपये प्रति मानक घन मीटर बढ़ी है. इससे करीब 30 लाख घरेलू उपभोक्ता प्रभावित होंगे. CNG की बढ़ी कीमत का असर करीब 13 लाख वाहनों पर पड़ने की संभावना है.
ऑटो-टैक्सी का सफर महंगा
मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) की मंजूरी के बाद ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया 27 रुपये हो गया है. काली-पीली टैक्सी का शुरुआती किराया 33 रुपये किया गया है. ऑटो का किराया 18.22 रुपये और टैक्सी का किराया 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है. ऑटो और टैक्सी चालकों को नई दरों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक मीटर समायोजित कराने होंगे. इसके लिए नवंबर के अंत तक समय दिया गया है.
थोक दूध 9 रुपये महंगा
मुंबई में बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (Bombay Milk Producers Association) ने थोक दूध की कीमत 93 रुपये से बढ़ाकर 102 रुपये प्रति लीटर कर दी है. नई दर 1 सितंबर से लागू हुई है और 28 फरवरी 2027 तक रहने वाली है. चारा, पशुपालन और परिवहन लागत बढ़ने को कीमत बढ़ने की प्रमुख वजह बताया गया है.
व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़े
19 किलो के व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत मुंबई में 2,691.50 रुपये से बढ़कर 2,701 रुपये हो गई है. दिल्ली में यह 2,747.50 रुपये, कोलकाता में 2,884 रुपये और चेन्नई में 2,916.50 रुपये हो गया है. घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं हुआ है. व्यावसायिक सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्तरां और खानपान कारोबार की लागत बढ़ सकती है.
ई-केवाईसी और कार खरीद पर भी असर
एलपीजी ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी की तय समयसीमा 31 अगस्त 2026 थी. जिन ग्राहकों की बायोमेट्रिक पहचान प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, उनकी सब्सिडी प्रभावित हो सकती है. उन्हें जल्द गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है.


वहीं, टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने मॉडल और वैरिएंट के अनुसार कारों की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने भी कीमतों में 1 प्रतिशत तक इजाफा किया है. कंपनियों ने लागत और महंगाई के दबाव को इसकी वजह बताया है.

Article Inline Ad
Article Bottom Ad