मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून का आगमन बेहद करीब है. इस बीच बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने मुंबईकरों के लिए एक जरूरी चेतावनी जारी की है. प्रशासन के मुताबिक इस साल मानसून के दौरान समुद्र में 4.50 मीटर से लेकर 4.89 मीटर तक की बेहद ऊंची लहरें उठने की आशंका है. 14 जून से 30 सप्टेंबर के बीच करीब 24 दिन समंदर में भारी ज्वार (हाई टाइड) आएगा. नगर निगम ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान समुद्र तटों और चौपाटियों पर जाने से पूरी तरह परहेज करें.
जलजमाव का खतरा
मुंबई की भौगोलिक बनावट एक उथली कटोरी जैसी है, जिसके कारण भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों में पानी जमा हो जाता है. शहर का गंदा पानी और सीवरेज विभिन्न नालों के जरिए समुद्र में छोड़ा जाता है. हालांकि जब समुद्र में भारी ज्वार आता है, तो इन नालों के गेट (फ्लड गेट्स) बंद कर दिए जाते हैं ताकि समंदर का पानी शहर में न घुसे. ऐसी स्थिति में शहर का पानी समुद्र में नहीं जा पाता है और यदि उसी समय भारी बारिश भी हो, तो मुंबई में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो जाती है. आगामी 16 जुलाई को दोपहर 1.36 बजे इस सीजन की सबसे ऊंची 4.89 मीटर की लहरें उठेंगी, जो बेहद संवेदनशील समय होगा.
जून में समंदर का रुख
जून के महीने में मानसून की शुरुआत के साथ ही समंदर का रुख आक्रामक होने लगेगा. इस महीने में कुल छह दिन भारी ज्वार देखने को मिलेगा. इसकी शुरुआत 14 जून को सुबह 11.24 बजे 4.65 मीटर ऊंची लहरों के साथ होगी. इसके बाद 15 जून को दोपहर 12.14 बजे 4.80 मीटर और 16 जून को दोपहर 1.05 बजे 4.87 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी. वहीं 17 जून को दोपहर 1.55 बजे 4.86 मीटर, 18 जून को दोपहर 2.44 बजे 4.79 मीटर तथा 19 जून को दोपहर 3.32 बजे 4.34 मीटर की लहरें उठने का अनुमान है.
जुलाई और अगस्त की स्थिति
जुलाई और अगस्त के महीनों में भी समंदर में भारी उथल-पुथल मची रहेगी. जुलाई में 13 तारीख से लहरों का स्तर बढ़ना शुरू होगा, जो 13 जुलाई को 4.53 मीटर, 14 जुलाई को 4.73 मीटर और 15 जुलाई को 4.85 मीटर तक पहुंचेगा. 16 जुलाई को इस साल की सबसे ऊंची 4.89 मीटर की लहरें उठेंगी, जबकि 17 जुलाई को दोपहर 2.19 बजे 4.83 मीटर की लहरें दर्ज की जा सकती हैं. अगस्त के महीने में भी पांच दिनों तक लहरें खतरनाक स्तर पर रहेंगी. इनमें 12 अगस्त को 4.86 मीटर, 13 अगस्त को 4.81 मीटर, 14 अगस्त को 4.83 मीटर, 15 अगस्त को 4.73 मीटर और 16 अगस्त को 4.50 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई गई है.
सितंबर में आखिरी चेतावनी
मानसून के आखिरी चरण यानी सितंबर महीने में भी मुंबईकरों को सतर्क रहना होगा. इस महीने में कुल सात दिन समंदर अशांत रहेगा. 10 सितंबर को 4.57 मीटर, 11 सितंबर को 4.65 मीटर, 12 सितंबर को 4.61 मीटर और 13 सितंबर को 4.51 मीटर ऊंची लहरें उठेंगी. इसके बाद महीने के अंत में 28 सितंबर को मध्यरात्रि 00.38 बजे 4.51 मीटर, 29 सितंबर को दोपहर 01.14 बजे 4.59 मीटर और 30 सितंबर को दोपहर 01.53 बजे 4.56 मीटर ऊंची लहरें उठने के साथ ही यह सिलसिला थमेगा. प्रशासन ने सभी चौपाटियों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं.
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

