मुंबई: भांडुप रेलवे स्टेशन के पास सोमवार की रात 10 बजे के करीब हुए भीषण सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। स्टेशन पास स्थित बस स्टॉप के पास हुए उक्त हादसे से समय लोग स्टेशन से घर की तरफ जा रहे थे और बस का चालक बस को बैक (पीछे) कर रहा था। उसी दौरान बस के चालक ने गलती से गाड़ी लोगों की भीड़ पर चढ़ा दी। शाम के व्यस्त समय में हुए इस हादसे से लोगों में अफरातफरी मच गई।
मुंबई पुलिस के डीसीपी हेमराज सिंह राजपूत ने हादसे में तीन महिला और एक पुरुष सहित 4 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है है। जबकि एक महिला और 8 पुरुष गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
घटनास्थल पर मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और अग्निशमन दल के जवान तुरंत पहुंचे। उन्होंने घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया और भीड़ को नियंत्रित किया। मृतकों की पहचान और घटना के सटीक कारणों की जांच जारी है।
मृतकों की पहचान
अस्पताल प्रशासन ने चार मृतकों की पहचान की है:
प्रणिता संदीप रसाम (35, महिला) – राजावाड़ी अस्पताल में मृत घोषित।
वर्षा सावंत (25, महिला) – एमटी अग्रवाल अस्पताल में मृत घोषित।
मानसी मेघश्याम गुरव (49, महिला) – एमटी अग्रवाल अस्पताल में मृत घोषित।
प्रशांत शिंदे (53, पुरुष) – एमटी अग्रवाल अस्पताल में मृत अवस्था में लाए गए।
घायलों का इलाज जारी
नौ लोग इस घटना में घायल हुए हैं और विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों में नारायण भिकाजी कांबले (59), मंगेश मुकुंद ढुखांडे (45), ज्योति विष्णु शिरके (55), शीतल प्रकाश हडवे (39), रामदास शंकर रूपे (59), प्रताप गोपाल कोरपे (60), रविंद्र सेवाराम घाडिगावंकर (56), दिनेश विनायक सावंत (49) और पूर्वा संदीप रसाम (12) शामिल हैं। एक व्यक्ति प्रशांत दत्ताराम लाड (51) को राजावाड़ी अस्पताल से मेडिकल सलाह के विरुद्ध छुट्टी दे दी गई।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के कानूनी उत्तराधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करेगी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
लगातार हो रहे हैं बस हादसे
यह घटना महाराष्ट्र में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती श्रृंखला की एक कड़ी है। कुछ महीने पहले मुंबई के कुर्ला (पूर्व) इलाके में भी बेस्ट बस का एक भीषण हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। ये घटनाएं सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जालना में भी हुआ था भीषण हादसा
इससे पहले, जालना जिले के समृद्धि महामार्ग पर एक और दिल दहला देने वाला हादसा हुआ था। जामवाडी के पास एक ट्रक के खराब होने पर उसके अंदर सवार एक परिवार बाहर उतरा था। तभी पीछे से आ रही एंबुलेंस ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उसी परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा उपायों पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही इन भीषण दुर्घटनाओं ने राज्य में सड़क सुरक्षा के उपायों और वाहनों के संचालन पर चिंता बढ़ा दी है। नागरिक और विशेषज्ञ बेहतर निगरानी और कड़े प्रोटोकॉल की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
