मुंबई : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-11 ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट युक्त 4,734 बोतल नशीला सिरप जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 53.07 लाख रुपए बताई गई है।
मालाड में गश्त के दौरान चार आरोपी पकड़े गए
पुलिस को 13 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे गश्त के दौरान मालाड पश्चिम स्थित एस.वी. रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली। इसके बाद अपराध शाखा यूनिट-11 की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से कोडीन फॉस्फेट युक्त नशीले सिरप की 153 बोतलें बरामद की गईं। आरोपियों में तीन वयस्क तथा एक 17 वर्षीय विधि संघर्षग्रस्त बालक शामिल है।
नवी मुंबई के खारघर में छापेमारी कर बड़ी खेप बरामद
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों में से एक ने नवी मुंबई के खारघर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में इसी प्रकार का नशीला सिरप छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस टीम ने खारघर में छापा मारकर वहां से 4,581 अतिरिक्त बोतलें जब्त कीं।
53 लाख रुपए से अधिक का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोडीन फॉस्फेट युक्त कुल 4,734 बोतल नशीला सिरप, जिसकी कीमत 52.07 लाख रुपए है, के साथ एक मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए हैं। इस प्रकार कुल 53.07 लाख रुपए का मुद्देमाल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
मालाड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
इस मामले में मालाड पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत अपराध क्रमांक 1037/2026 दर्ज किया गया है। अपराध शाखा यूनिट-11, कांदिवली द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह सफल कार्रवाई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (प्रकटीकरण-1) नवनाथ ढवले तथा सहायक पुलिस आयुक्त माणिक बेद्रे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा यूनिट-11 की टीम ने अंजाम दी। इसमें पुलिस निरीक्षक गणेश माळी सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version