टाटा पावर लाइन के नीचे बने 50 से अधिक अवैध गोदामों पर चला बुलडोजर
मुंबई: मुंबई उपनगर प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मानखुर्द (Mankhurd) क्षेत्र में करीब 5 एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। टाटा पावर (Tata Power) की उच्च विद्युत वाहिनी के नीचे व्यावसायिक उपयोग के लिए बनाए गए 50 से अधिक खतरनाक अवैध गोदामों को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई जनसुरक्षा, बिजली आपूर्ति की सुरक्षा और सरकारी जमीन की रक्षा के उद्देश्य से की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त अभियान
मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी सौरभ कटियार (Saurabh Katiyar) के निर्देश पर कुर्ला (Kurla) तालुका के मानखुर्द क्षेत्र में संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई में अपर जिलाधिकारी (अतिक्रमण निष्कासन) पूर्व उपनगर, उपजिलाधिकारी (अतिक्रमण निष्कासन) चेंबूर, उपविभागीय अधिकारी पूर्व उपनगर, तहसीलदार कुर्ला तथा राजस्व विभाग सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
भारी पुलिस बल और निगम कर्मियों की रही तैनाती
अभियान के दौरान बृहन्मुंबई महानगरपालिका (Brihanmumbai Municipal Corporation-BMC) ने मशीनरी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। वहीं पुलिस विभाग की ओर से बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। कार्रवाई के लिए बीएमसी के 150 कर्मचारी, राजस्व विभाग के 100 अधिकारी-कर्मचारी तथा नगर भूमापन विभाग के 10 अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए।
बिजली आपूर्ति पर मंडरा रहा था खतरा
प्रशासन के अनुसार टाटा पावर की विद्युत लाइन के नीचे बने अवैध गोदाम लोगों की जान के साथ-साथ मुंबई की बिजली व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बन चुके थे। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में पूरे शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती थी। इसी खतरे को देखते हुए इन अवैध संरचनाओं को हटाया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन की सुरक्षा और अवैध अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की विशेष मुहिम जारी रहेगी। इससे पहले भी मानखुर्द में 11 एकड़ सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कर उसे मुंबई मध्यवर्ती कारागार प्रशासन को सौंपा गया था। इसके अलावा मानखुर्द और मंडाले (Mandale) क्षेत्र में 220 अवैध गोदाम और गालों को हटाकर लगभग 14 एकड़ सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई जा चुकी है।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution

