6.18 लाख रुपए कीमत के 11 इलेक्ट्रिक स्कूटर किए बरामद
मुंबई। एमआईडीसी पुलिस (MIDC Police) ने इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी के मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मुंबई के विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए 11 इलेक्ट्रिक मोटर स्कूटर बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 6.18 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई से शहर में लगातार हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को वैभव सुनील गुप्ता (Vaibhav Sunil Gupta) की इलेक्ट्रिक स्कूटर अंधेरी पूर्व स्थित एमआईडीसी (MIDC) क्षेत्र से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर एमआईडीसी (MIDC) पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और तकनीकी जांच से मिले सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से 60 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के साथ गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहसिन अकबर अली मलतबड़े (Mohsin Akbar Ali Malatbade) और अरफात हाफिज शेख (Arfat Hafeez Shaikh) के रूप में हुई है।
कई इलाकों से चोरी किए थे स्कूटर
पूछताछ में आरोपियों ने मुंबई सेंट्रल, चांदीवली, चेंबूर रोड, विक्रोली, दादर, वाकोला, अंधेरी और वर्ली सहित कई इलाकों से इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल 11 इलेक्ट्रिक स्कूटर बरामद किए हैं। इनमें एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के दो मामलों से संबंधित वाहन भी शामिल हैं।
अन्य मामलों की भी जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से अन्य वाहन चोरी के मामलों में भी पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि इनके गिरोह ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में और भी कई इलेक्ट्रिक स्कूटर चोरी किए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
यह कार्रवाई मुंबई पुलिस के आयुक्त देवेन भारती (Police Commissioner Deven Bharti), संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. मनोज कुमार शर्मा (Joint Commissioner Dr. Manoj Kumar Sharma), एडिशनल कमिश्नर डॉ. अभिनव देशमुख (Additional Commissioner Dr. Abhinav Deshmukh) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पीएसआई किरण परबत (PSI Kiran Parbat) तथा एमआईडीसी पुलिस की अपराध जांच टीम ने अंजाम दी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version