मुंबई. उत्तर मुंबई के सांसद एवं केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कांदिवली पश्चिम स्थित शताब्दी अस्पताल का दौरा किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों, अस्पताल कर्मचारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधा संवाद किया और मरीजों की जरूरतों को समझा.
निरीक्षण के बाद पीयूष गोयल ने घोषणा की कि मधुमेह से संबंधित नेत्र रोगों के उपचार में किसी भी मरीज को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए शताब्दी अस्पताल में शीघ्र ही छह नई अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में आवश्यक अतिरिक्त उपकरण भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त बन सकें.
बुनियादी ढांचे की कमियां होंगी दूर
गोयल ने स्वीकार किया कि कुछ बुनियादी ढांचे संबंधी सीमाओं के कारण अस्पताल में चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं. उन्होंने कहा कि इन कमियों को जल्द से जल्द दूर करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे. साथ ही उन्होंने डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों द्वारा मरीजों के प्रति दिखाई जा रही सेवा भावना और प्रतिबद्धता की भूरि-भूरि प्रशंसा की.
आयुष्मान भारत के तहत मिलेगा निःशुल्क उपचार
मधुमेह मरीजों की बढ़ती संख्या का उल्लेख करते हुए गोयल ने कहा कि उत्तर मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत तथा महाराष्ट्र सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को मधुमेह से संबंधित नेत्र उपचार की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी. उन्होंने अंत में कहा कि नागरिकों को तकनीक आधारित, आधुनिक, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही सरकार का मूल उद्देश्य है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version