मुंबई: पालघर जिले के वसई इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वसई के बऱ्हाणपुर उमेलमान गांव में 60 वर्षीय महिला की उनके ही घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान दुर्गा संजयराव बनसोडे के रूप में हुई है, जो ‘भिमाई’ नामक बंगले में अकेली रहती थीं।
बताया जा रहा है कि उनका बेटा वालीव में रहता है। सोमवार सुबह से जब दुर्गा ने फोन उठाना बंद कर दिया तो बेटे को चिंता हुई। रात में वह घर पहुंचा तो हॉल में खून के धब्बे देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
बेडरूम में मिला शव
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो महिला का शव बेडरूम में मिला। बेड की गद्दी हटाकर उसे खोला गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि बेडरूम के दरवाजे को बाहर से स्क्रूड्राइवर लगाकर बंद किया गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के पीछे का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घर से कोई सामान चोरी हुआ है या नहीं, इसकी पुष्टि परिवार द्वारा जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version