बुजुर्गों को बनाता था निशाना
30 मामलों का हुआ खुलासा
मुंबई: मंदिर – मस्जिद आदि धार्मिक स्थलों पर आए बुजुर्गों को दान देने के बहाने ठगने वाले एक शातिर इरानी आरोपी को गिरफ्तार कर अंधेरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की गिरफ्तारी से मुंबई शहर और उपनगरों में दर्ज कुल 30 ठगी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी की पुलिस वर्ष 2017 से तलाश कर रही थी।
अंधेरी पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया था कि 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया। उसने मस्जिद का रास्ता पूछने और नई सोने की दुकान खोलने की बात कही। दान देने के बहाने आरोपी ने 500 रुपये के दो नोट दिए और शिकायतकर्ता से गले की सोने की चेन नोटों में लपेटने को कहा। इसी बहाने करीब एक तोला वजनी सोने की चेन लेकर वह फरार हो गया।
तकनीकी जांच से आरोपी दबोचा गया
इस मामले में अंधेरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया। तकनीकी जांच और सतर्कता के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कल्याण पूर्व के अडीवली इलाके से बड़ी चतुराई से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी के पास से अंधेरी मामले में ठगी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी का नाम वसीम अब्बास सिराज उर्फ वसीम जाफरी उर्फ वसीम इरानी है। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मुंबई, रायगढ़, ठाणे, सूरत और तेलंगाना समेत कई राज्यों में चोरी और ठगी के गंभीर मामले दर्ज हैं।
30 मामलों का खुलासा
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अंधेरी, ट्रॉम्बे, विलेपार्ले, दहिसर, जोगेश्वरी, वर्सोवा, दिंडोशी, कुरार, मेघवाड़ी समेत कई पुलिस थानों में दर्ज कुल 30 ठगी और चोरी के मामलों का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस टीम की सराहनीय कामगिरी
यह उल्लेखनीय कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंधेरी पुलिस स्टेशन की अपराध शाखा टीम ने अंजाम दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता व तकनीकी सहायता से एक लंबे समय से सक्रिय शातिर ठग को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सका। अंधेरी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल बुजुर्गों के साथ हो रही ठगी के मामलों पर रोक लगेगी, बल्कि आम नागरिकों को भी ऐसे धोखेबाजों से सतर्क रहने का संदेश मिलेगा।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2024 Tah Ki Baat. All Rights Reserved. Created and Maintained by Creative web Solution
