ससुराल पक्ष पर उठे सवाल
निजी फोन छिपाने, कॉल रिकॉर्डिंग का भी दावा
मुंबई : नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब उनकी करीबी दोस्त प्राची ने पति समर्थ सिंह और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्राची के हवाले से मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ट्विशा के पास दो मोबाइल फोन थे, जिनमें एक निजी और दूसरा प्रोफेशनल इस्तेमाल के लिए था। ट्विशा की मौत के बाद उनका निजी फोन परिवार से छिपाने की कोशिश की गई, जबकि शुरुआत में केवल ऑफिस वाला फोन ही सामने आया। उन्होंने कहा कि निजी फोन तीन से चार दिन बाद मिला और उसमें कई अहम चैट्स, कॉल रिकॉर्डिंग्स और वीडियो सुरक्षित थे। प्राची का आरोप है कि पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद ही फोन सौंपा गया। उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कुछ विसंगतियों का दावा किया है, जिसमें ट्विशा की लंबाई के रिकॉर्ड में अंतर होने की बात कही गई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पति पर अपमान-प्रताड़ना के आरोप
ट्विशा के अन्य दोस्तों नवरत्न, प्रेरणा और पुरुषोत्तम ने भी पति समर्थ सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोस्तों का कहना है कि समर्थ अक्सर ट्विशा का सार्वजनिक रूप से अपमान करता था और गर्भपात के बाद दोनों के रिश्ते और खराब हो गए थे। वहीं दूसरी तरफ, ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह ने बहू के व्यवहार, व्यक्तित्व और परवरिश पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि ट्विशा ने अपनी इच्छा से गर्भपात कराया था और वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का इलाज भी करवा रही थीं। इन आरोपों को खारिज करते हुए प्राची ने कहा कि जब सास ने ट्विशा के चरित्र पर सवाल उठाए, तो ट्विशा ने पलटकर जवाब दिया था कि बच्चा किसी और का है। इस बयान ने पूरे मामले को और ज्यादा विवादित बना दिया है।

शादी का वीडियो बना चर्चा का केंद्र
इस बीच ट्विशा और समर्थ सिंह की शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में चर्चा का विषय बना हुआ है। करीब छह मिनट के इस वीडियो में दोनों परिवार खुश नजर आते हैं और नवविवाहित जोड़ा अपने भविष्य को लेकर सपने साझा करता दिखता है। वीडियो में समर्थ सिंह का एक बयान अब खास तौर पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था, “प्यार की अहमियत तभी समझ आती है जब एक-दूसरे के बीच थोड़ी नफरत भी हो। हम एक समय में कट्टर दुश्मन थे।” शादी के वीडियो में रिश्तेदार मजाक और हंसी-मजाक करते नजर आते हैं। एक रिश्तेदार ने कहा था कि “कोर्ट में जीजू वकील हो सकते हैं, लेकिन घर में ट्विशा ही जज रहेंगी।”
दहेज मृत्यु केस में जांच पर उठे सवाल
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। ट्विशा के परिवार ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि समर्थ सिंह का प्रभावशाली परिवार जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने दावा किया कि कोर्ट में पेश किए गए सीसीटीवी फुटेज पुलिस को जांच में इस्तेमाल करने चाहिए थे, लेकिन सभी क्लिप्स आरोपियों के पास मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो मामला धीरे-धीरे लोगों की यादों से मिट जाएगा। परिवार ने यह भी साफ किया है कि वे गिरीबाला सिंह को मिली अंतरिम जमानत को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।
खुशहाल रिश्ते की तस्वीर अब दर्दनाक विवाद में बदली
जो शादी का वीडियो कभी दोनों परिवारों की खुशियों का प्रतीक था, वही अब इस दर्दनाक मामले की सबसे बड़ी याद बन गया है। कुछ महीने पहले तक हंसी और उम्मीदों से भरी दिख रही यह शादी अब आरोपों, विवादों और न्याय की लड़ाई के बीच फंस चुकी है।

